सिपना कॉलेज में ‘इकोथॉन 5.0’ राष्ट्रीय स्तर की प्रोजेक्ट प्रतियोगिता संपन्न

प्रतियोगिता का उद्देश्य पर्यावरण सुरक्षा, विकास और तकनीकी के उचित इस्तेमाल को बढावा देना

अमरावती/दि.26 – सिपना इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के नेचर क्लब द्वारा आयोजित ‘इकोथॉन 5.0’ राष्ट्रीय स्तर की प्रोजेक्ट प्रतियोगिता उत्साहपूर्वक संपन्न हुई. इस प्रतियोगिता का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा तकनीक के उचित उपयोग को बढ़ावा देना था.
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर जिला सलाहकार अपूर्व पिरके, संस्था के अध्यक्ष जगदीश गुप्ता, प्राचार्य डॉ. संजय खेरडे तथा डीन स्टूडेंट अफेयर्स डॉ. पी. आर. मलसने उपस्थित थे.मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों के लिए केवल तकनीकी ज्ञान प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उस ज्ञान का उपयोग समाज और पर्यावरण के हित में करना भी आवश्यक है. उन्होंने युवाओं से पर्यावरणीय समस्याओं के समाधान के लिए आगे आने का आह्वान किया. जगदीश गुप्ता ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए नवाचार को प्रोत्साहन देने की आवश्यकता पर बल दिया. प्राचार्य डॉ. संजय खेरडे ने कहा कि छोटी समस्याओं की अनदेखी करने पर वे भविष्य में बड़ी पर्यावरणीय समस्याओं का रूप ले सकती हैं, इसलिए ‘इकोथॉन’ जैसी प्रतियोगिताएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं.महाविद्यालय परिसर को पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के साथ प्रदूषण मुक्त वातावरण पर विशेष ध्यान दिया जाता है. साथ ही रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, सौर ऊर्जा से विद्युत उत्पादन तथा वृक्षारोपण जैसे उपक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है. इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया. प्रतिभागियों ने सोलर एनर्जी, वेस्ट मैनेजमेंट, स्मार्ट सिटी सॉल्यूशन्स, ऑटोमेशन, ग्रीन टेक्नोलॉजी, रिन्यूएबल एनर्जी तथा कृषि क्षेत्र से संबंधित नवाचारों पर आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए. कई प्रोजेक्ट वास्तविक जीवन की समस्याओं पर आधारित होने के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बने. प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की गई. पहले चरण में प्रारंभिक चयन किया गया, जबकि अंतिम चरण में चयनित टीमों ने अपने प्रोजेक्ट का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया.

* प्रतियोगिता के परिणाम
कॉलेज वर्ग :प्रथम : टीम एक्स, गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, अमरावती – 21,000
द्वितीय : टीम हैकमेट्स , गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, अमरावती – 13,000
तृतीय : इको सेंटीनेल्स, प्रो. राम मेघे कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट, बडनेरा – 7,000
स्कूल वर्ग :प्रथम :वास्ते टू वंडर, ज्ञानपुंज इंग्लिश मीडियम स्कूल, अंजनगांव सुर्जी – 5,000
द्वितीय : रिफ्लैक्ट कोशंट मेटर, श्री समर्थ विद्यालय, अमरावती – 3,000
तृतीय : स्मार्ट टीम, पोदार इंटरनेशनल स्कूल, बडनेरा – 2,000
विजेता टीमों को कुल 51 हजार रुपए की नगद राशि, ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया. साथ ही सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए.इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. एम. डी. तांबाखे, डॉ. एच. आर. व्यवहारे, डॉ. ए. वी. साबले, ए. जे. आडे, श्री एन. डी. शेलोकर तथा डॉ. ई. जी. राजगुरे शामिल थे. उन्होंने प्रोजेक्ट्स का मूल्यांकन तकनीकी गहराई, नवाचार, उपयोगिता, प्रस्तुतीकरण कौशल तथा पर्यावरणीय प्रभाव के आधार पर किया.कार्यक्रम के सफल आयोजन में नेचर क्लब के अध्यक्ष मिथिलेश धांडे, उपाध्यक्ष हर्ष ब्राह्मण, सचिव हर्ष सौरकर, कोषाध्यक्ष ऋतुजा तुपटकर, टेक्निकल हेड ओम मिठालकर सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा. फैकल्टी इंचार्ज हरडे मैडम तथा डॉ. एस. बी. राठोड ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

Back to top button