भाईचारों की मिसाल बना ईद मिलन व पार्षद सत्कार समारोह

साबनपुरा जमा मस्जिद का आयोजन, सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव का दिया संदेश

अमरावती/दि.30– राष्ट्रीय एकता और सांप्रदायिक सौहार्द की गौरवशाली परंपरा को कायम रखते हुए शहर ने एक बार फिर भाईचारों की मिसाल पेश की. साबनपुरा स्थित जामा मस्जिद की पहल पर शनिवार रात आयोजित ईद मिलन समारोह एवं नगरसेवकों के सत्कार कार्यक्रम में बडी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. पूरे आयोजन में सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव का सशक्त संदेश देखने को मिला. सांसद बलवंत वानखडे की अध्यक्षता में जामा मस्जिद कमेटी के प्रमुख हाजी शकील, उपाध्यक्ष नजीम खान बीके, हाजी निसार, शहर कांग्रेस अध्यक्ष बबलू शेखावत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे. समारोह में पूर्व महापौर व मनपा में विपक्षी नेता विलास इंगोले, कांग्रेस शहर अध्यक्ष बबलू शेखावत, पार्षद व अमरावती मंडल के संपादक अनिल अग्रवाल, सुरेश रतावा, डॉ. संजय शिरभाते, दैनिक भास्कर के जिला प्रतिनिधि त्रिदीप वानखडे, सादिक शाह, भैया पवार तथा आसिफ तव्वकल का भावपूर्ण सत्कार किया गया. पूर्व महापौर एवं विपक्ष के नेता विलास इंगोले ने कहा कि अमरावती की पहचान हमेशा से राष्ट्रीय एकता और भाईचारे के लिए रही हैं. बाबरी विध्वंस जैसे संवेदनशील दौरे में भी शहर ने आपसी सौहार्द बनाए रखा था, जिससे आज के समय में और अधिक सुदृढ करने की आवश्यकता है. सांसद बलवंत वानखडे ने क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया. जामा मस्जिद के सामने स्थित बिजली डिपो हटाने की मांग को जल्द पूरा करने का भरोसा दिलाते हुए नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कहीं. कार्यक्रम में क्षेत्र के नागरिक बडी संख्या में उपस्थित थे.

Back to top button