रिफार्म क्लब में कल चुनावी सभा, दो पैनल में टक्कर
अध्यक्ष पद के लिए दिवेश अग्रवाल और धनंजय बंड में मुकाबला

* एड. सुनील देशमुख है चुनाव अधिकारी
अमरावती/दि.21 -शहर के सुपरिचित रिफार्म क्लब के चुनाव कल रविवार, 22 फरवरी को होने जा रहे हैं. इस चुनाव में रिफार्म यूनिटी पैनल व रिफार्म क्लब प्रोग्रेसिव पैनल आमने-सामने है. इस चुनाव में दोनों पैनल के कुल 22 उम्मीदवार मैदान में है जिनके भाग्य का फैसला 1045 मतदाताओं द्वारा किया जायेगा. जिसमें से किन्हीं 11 सदस्यों को ही जीत हासिल होगी.
इस चुनाव में दो पैनल मैदान में है. जिसमें पहला पैनल रिफार्म क्लब प्रोग्रेसिव पैनल है. इस पैनल द्वारा अध्यक्ष पद के लिए दिवेश अग्रवाल चुनाव मैदान में हैं. उनके साथ सचिव पद हेतु शरद चुटके तथा 9 सदस्य पद के लिए रमेश आसनानी, नितिन चेंडुलकर, डॉ. अश्विनकुमार देशमुख, महेश केवलरामानी, हेमंत लड्ढा, डॉ. सुचिता देशमुख-पांडे, सागर राऊत, अनिल विखे, डॉ. अतुल यादगिरे को मौका दिया है.
इस चुनाव में दूसरा पैनल रिफार्म यूनिटी पैनल है. इस पैनल में अध्यक्ष पद के लिए पूर्व विधायक स्व. संजय बंड के भाई धनंजय बंड खुद मैदान में हैं. उनके साथ सचिव पद के लिए सुविख्यात नेत्र विशेषज्ञ डॉ. राजेश जवादे तथा 9 सदस्य पद के लिए पूर्व पार्षद पुरुषोत्तम बजाज, राहुल चड्ढा, अंगद देशमुख, कैलाश गिरोळकर, रविंद्र महल्ले, कैलाश पडलकर, अमन तलडा, भारत तसरे, डॉ. राजेश उताने का समावेश है.
स्थानीय विद्याभारती महाविद्यालय के सामने स्थित रिफार्म क्लब में रविवार, 22 फरवरी की दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. इस मतदान प्रक्रिया में सहभागी होने 1 हजार 45 सदस्यों को पात्र घोषित कर उनकी सूची जारी की है. इस बार चुनाव की संपूर्ण जिम्मेदारी अमरावती जिला वकील संघ के अध्यक्ष एड. सुनील देशमुख को सौंपी गई है. उनकी टीम द्वारा इस चुनाव की जिम्मेदारी संभाली जायेगी. एड. सुनील देशमुख ने बताया कि फिलहाल उनकी टीम का चयन नहीं हुआ है. गुरुवार तक संपूर्ण टीम घोषित होगी, लेकिन प्राथमिक कामकाज उनके मार्गदर्शन में पूरा हो चुका है. साथ ही उन्होंने कहा कि मतान वाले दिन ही शाम 5.30 बजे से मतगणना आरंभ होगी. जो संभवत: रात 10 बजे समाप्त होगी. साथ ही इस वर्ष के नये रिफार्म क्लब कार्यकारिणी की घोषणा होगी.