यवतमाल में बिजली का कहर

खेत में काम कर रही महिला की मौत, पति गंभीर

यवतमाल/दि.6– जिले के पुसद तालुका में बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. खेत में काम कर रहे दंपति पर अचानक बिजली गिरने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया. इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, सुमन पवार (50) और उनके पति रोहिदास पवार (55) पुसाद तालुका के कुम्भारी शिवर स्थित हनुमाननगर क्षेत्र में कपास चुनने का काम कर रहे थे. इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली. आसमान में बादल छा गए, तेज बारिश शुरू हो गई और अचानक बिजली गिर गई.
बिजली सीधे दोनों पर गिरने से सुमन पवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि रोहिदास पवार गंभीर रूप से झुलस गए. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल रोहिदास पवार को पुसाद के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है. ग्रामीणों की तत्परता से उनकी जान बचने की बात कही जा रही है. इस हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. अचानक आई इस त्रासदी से पवार परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. यह घटना एक बार फिर किसानों के लिए बदलते मौसम और बिजली के बढ़ते खतरे की ओर संकेत करती है. विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे मौसम में खेतों में काम करते समय सावधानी बरतना और सुरक्षित स्थान पर शरण लेना अत्यंत आवश्यक है. स्थानीय स्तर पर अब किसानों में जागरूकता बढ़ाने और इस तरह की प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के उपायों पर जोर दिया जा रहा है.

Back to top button