भाजी बाजार महावितरण कायार्र्लय में अभियंता से मारपीट
सरकारी काम में बाधा डालने का केस दर्ज

अमरावती/दि.16 – शहर के खोलापुरी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत महावितरण के भाजी बाजार वितरण केंद्र में एक व्यक्ति द्बारा कार्यालय में हंगामा कर सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा कर्मचारी पर हमला करने का प्रयास किए जाने की घटना सामने आई हैं. इस मामले में महावितरण के सहायक अभियंता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं.
जानकारी के मुताबिक बिल किस्त में देने की मांग पर यह विवाद होने की जानकारी हैं. शिकायतकर्ता निलेश अरूण गुल्हाणे (सहायक अभियंता) ने पुलिस को बताया कि शनिवार 14 फरवरी की शाम करीब 7 बजे के दौरान आरोपी मंगेश गणेश ढोके कार्यालय में आया. आरोपी मंगेश का बिजली कनेक्शन पहले से काटा गया था. आरोपी ने अभियंता से बिजली बिल को किस्तों में जमा करने की मांग की. इस पर शिकायतकर्ता को नियमानुसार बताया कि कनेक्शन कट जाने के बाद बिजली बिल किस्त में जमा करने की अनुमति नहीं होती. अभियंता के मना करने पर आरोपी ने कार्यालय में जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया और गाली-गलौच करने लगा. इसके बाद आरोपी ने टेबल पर रखा सामान उठाकर अभियंता पर हमला करने का प्रयास किया. इतना ही नहीं, आरोपी ने कार्यालय के दस्तावेजों को फेंक दिया, जिससे सरकारी कागजात को नुकसान पहुंचा. इस घटना से महावितरण कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई. आरोपी द्बारा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने और कर्मचारी पर हमला करने के प्रयास को गंभीरता मानते हुए खोलापुरी गेट पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया हैं.





