चांदूर बाजार में किसान कर्जमाफी का जोरदार स्वागत
आंदोलनकारियों का बीज व लड्डू तुला से सम्मान

* लंबे संघर्ष के बाद मिली सफलता पर किसानों में खुशी की लहर
चांदूर बाजार/दि.26 – राज्य सरकार द्वारा घोषित किसान कर्जमाफी के फैसले का चांदूर बाजार तहसील में उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया. पिछले कई महीनों से कर्जमाफी की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को सफलता मिलने पर किसानों में संतोष और खुशी का माहौल देखा गया. इस मौके पर प्रहार जनशक्ति पार्टी के मुखिया एवं पूर्व मंत्री बच्चू कडू ने कहा कि यह लड़ाई यहीं समाप्त नहीं हुई है. किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना जरूरी है. साथ ही, जो किसान नियमित रूप से कर्ज चुकाते हैं, उन्हें भी 2 लाख रुपये तक प्रोत्साहन राशि मिलनी चाहिए. उन्होंने इस मांग को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रखने की बात कही. इस समय किसानों का कहना रहा कि पूर्व मंत्री बच्चू कडू के नेतृत्व में हुए आंदोलन के कारण ही सरकार को यह फैसला लेना पड़ा.
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कृषि उपज मंडी समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे. इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में आंदोलन में सक्रिय रूप से शामिल किसानों का विशेष सम्मान किया गया. कार्यक्रम में किसानों का बीज तुला और लड्डू तुला कर अभिनंदन किया गया. बीज तुला के माध्यम से खेती और किसानों के योगदान को रेखांकित किया गया, वहीं लड्डू तुला से खुशी का इजहार किया गया. कार्यक्रम के दौरान अशोक नारायण तायडे का लड्डू तुला किया गया, जबकि दिलीपराव भाकरे का बीज तुला कर सम्मान किया गया. तुला में उपयोग किए गए बीज विधवा महिलाओं में वितरित किए जाने की जानकारी भी दी गई. इसके अलावा जनार्दन राऊत को पूर्ण वस्त्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने कर्जमाफी के लिए किए गए अपने संघर्ष को याद किया. उपोषण, मोर्चा और विभिन्न आंदोलनों के माध्यम से सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने के प्रयासों को याद करते हुए कई किसान भावुक हो गए. किसानों ने कहा, यह निर्णय हमारे संघर्ष की जीत है.





