पूर्व प्रेमिका के नाबालिग बेटे ने किया चाकू से हमला
फोन पर परेशान कर रहा पूर्व प्रेमी हमले में घायल

* राजापेठ पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ किया मामला दर्ज
अमरावती/दि.9- फोन लगाकर महिला को परेशान कर रहे युवक पर महिला के नाबालिग बेटे ने अपने साथियों के साथ मिलकर चाकू से हमला कर गंभीर रुप से घायल कर दिया. जख्मी युवक को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है. यह घटना मंगलवार 7 अप्रैल की रात 9 बजे के दौरान शंकर नगर रोड स्थित होटल घरौंदा के सामने घटित हुई. जख्मी युवक का नाम चिखली वैद्य ग्राम निवासी जीतेंद्र गजानन पाटिल (26) है.
जानकारी के मुताबिक जख्मी युवक जीतेंद्र पाटिल अमरावती शहर में किराये के मकान में रहकर शहर के विभिन्न इलाकों में घुमकर बेडशीट बेचने का काम करता है. संबंधित 35 वर्षीय विवाहित महिला और घायल युवक के बीच करीब 7 वर्ष पहले प्रेम संबंध थे. लेकिन कुछ माह पूर्व महिला ने संबंध तोड दिये थे. इसके बावजूद युवक उसे लगातार फोन कर परेशान करता था. यहां तक कि, महिला के घर के सामने जाकर वह उसे रास्ते में रोककर परेशान करता था. युवक की इस हरकत से परेशान होकर महिला ने उसे सबक सीखाने के लिए मंगलवार को मिलने के बहाने शंकर नगर रोड पर होटल घरौंदा के पास बुलाया. जैसे ही जीतेंद्र वहां पहुंचा, तब महिला के नाबालिग बेटे ने अपने तीन-चार दोस्तों के साथ मिलकर उस पर चाकू से हमला कर दिया. हमलावर युवकों ने जीतेंद्र के गले और पीट पर चाकू से वार किये. इस हमले में वह गंभीर रुप से घायल हो गया. घटना के बाद वहां मौजूद नागरिकों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां उस पर उपचार जारी है. घटना की जानकारी मिलते ही राजापेठ पुलिस का दल घटनास्थल पहुंचा. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





