मेलघाट में जंगली सूअर के हमले में किसान की मौत

वन विभाग की आर्थिक सहायता

* धारणी उपज मंडी के सभापति रोहित पटेल ने सौंपा 5 लाख का धनादेश
चिखलदरा/ दि. 26 – मेलघाट टाइगर प्रोजेक्ट में आनेवाले चिखलदरा तहसील के कारंजखेडा गांव में रहनेवाले एक 45 वर्षीय किसान की 5 दिन पूर्व जंगल में बकरिया चराते समय जंगली सूअर के हमले में मृत्यु हो गई थी. इस घटना के बाद आदिवासियों में तीव्र रोष व्याप्त था और मृतक के परिजनों को 25 लाख रूपए की आर्थिक सहायता देने की मांग की गई थी. इसके तहत वन विभाग ने धारणी उपज मंडी के सभापति रोहित पटेल के जरिए मृतक के परिजनों को 5 लाख रूपए की सहायता दी है. यह धनादेश रोहित पटेल के हाथों वन अधिकारियों की उपस्थिति में मृतक की पत्नी को सौंपा गया.
बता दें कि कारंजखेडा में 21 फरवरी को जंगली सूअर के हमले में 45 वर्षीय किसान केंडे कासदेकर की मृत्यु हो गई थी. पश्चात परिसर में दहशत निर्माण हो गई थी. आदिवासियों ने वन विभाग से तुरंत कार्रवाई करने की मांग की थी. वन विभाग ने तुरंत कदम उठाते हुए मृतक के परिजनों को प्राथमिक जांच में आर्थिक सहायता प्रदान की. मंगलवार 25 फरवरी को धारणी कृषि उत्पन्न बाजार समिति सभापति रोहित पटेल ने कारंजखेडा गांव में जाकर मृतक केंडे कासदेकर की पत्नी बाली केंडे कासदेकर को प्रारंभिक सहायता के रूप में 5 लाख रूपए का चेक सौंपा. इस मौके पर वन विभाग के सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) तापस साहेब, वन परिक्षेत्र अधिकारी (आरएफओ) खान और गांव के कई नागरिक उपस्थित थे.
वन विभाग ने स्पष्ट किया कि यह राशि प्रारंभिक सहायता के रूप में दी गई है. आगे की सीभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद राज्य सरकार की नीति के अनुसार मृतक के परिवार को अतिरिक्त मुआवजा मिलेगा. मेलघाट टाइगर रिजर्व के क्षेत्र में आनेवाले कारंजखेडा गांव में जंगली सूअर, तेंदुआ, बाघ आदि वन्य जीवों के हमलों की घटनाएं समय- समय पर होती रहती है. प्रशासन ने स्थानीय किसानों से खेती- बाडी के दौरान सावधानी बतरने की अपील की है. इस घटना से इलाके के किसानों और ग्रामीणों में भय का माहौल है. मेलघाट क्षेत्र में मानव-वन्य जीव संघर्ष की घटनाएं बढ रही हैं. इसलिए वन विभाग को अधिक सतर्क और प्रभावी उपाय करने की आवश्यकता है.
मेलघाट क्षेत्र में वन्य जीवों के हमलों की घटनाएं बढ रही है. किसानों और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन विभाग को अधिक सजग रहना जरूरी है. इस परिवार को न्याय दिलाने के लिए हम प्रयासरत हैं.
रोहित पटेल
सभापति, कृषि उपज मंडी,
धारणी

 

Back to top button