मेलघाट में मक्का खरीदी के नाम पर किसानों से धोखाधडी
युकां के जिलाध्यक्ष राहुल येवले ने दी आंदोलन की चेतावनी

अमरावती /दि.25 – आदिवासी विकास महामंडल द्वारा मेलघाट में मक्का खरीदी के नाम पर भोलेभाले आदिवासी किसानों के साथ साफ तौर पर जालसाजी की जा रही है. जहां के प्रत्येक खरीदी केंद्र पर 500 से 600 आदिवासी किसानों का पंजीयन किया गया है. लेकिन हकीकत में केवल 100 के आसपास किसानों से ही मक्का खरीदा गया है. इसके पीछे जरुर कोई न कोई गडबडी है, इस आशय की शंका व्यक्त करते हुए युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राहुल येवले ने इसके खिलाफ तीव्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है.
यहां जारी विज्ञप्ति में युकां जिलाध्यक्ष राहुल येवले ने कहा कि, पंजीयन करा चुके सभी किसानों का मक्का तुरंत खरीदा जाए, ऐसी हमारी स्पष्ट मांग है. यदि ऐसा नहीं होता है, तो अमरावती जिला युवक कांग्रेस द्वारा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ तीव्र आंदोलन छेडा जाएगा. साथ ही जरुरत पडने पर किसानों का मक्का सीधे संबंधित अधिकारियों के उपर ले जाकर भी फेंका जाएगा.





