पिता के हत्यारे की जमानत के 8 दिन बाद ही हत्या
बेटे ने गांव में घेरकर उतारा मौत के घाट

* 9 महीने पुरानी रंजिश का खूनी अंजाम
गोंदिया /दि.17- गोंदिया जिले के गोरेगांव तहसील में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने अपने पिता के हत्यारे को जमानत पर छूटने के कुछ ही दिनों बाद मौत के घाट उतार दिया. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है. जानकारी के अनुसार, गोरेगांव तालुका के पालेवाड़ा (हेटी) गांव में यह वारदात हुई. मृतक की पहचान भुरु उर्फ देवेंद्र ताराम (25) के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि करीब 9 महीने पहले देवेंद्र ने जादूटोना के शक में आरोपी सुनील कांबले के पिता आसाराम कांबले की हत्या कर दी थी. इस मामले में वह जेल में बंद था और हाल ही में 8 दिन पहले जमानत पर रिहा होकर गांव लौटा था. जैसे ही आरोपी सुनील कांबले को देवेंद्र के गांव लौटने की जानकारी मिली, उसने बदला लेने की योजना बना ली. मौके की तलाश में उसने गांव में ही देवेंद्र को घेर लिया और तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में देवेंद्र के गर्दन, हाथ, पैर और पेट पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
खास बात यह रही कि, देवेंद्र की हत्या के बाद आरोपी सुनील कांबले ने खुद ही पुलिस पाटिल के सामने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है. पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और मामले की गहन जांच जारी है.





