पुराने विवाद पर दो गुटों में जमकर सशस्त्र संघर्ष, दो घायल

दोनों गुटों के 13 लोगों पर मामला दर्ज

* गाडगेनगर थाना क्षेत्र के पांढरी हनुमान रोड की घटना
अमरावती/ दि.1 – पुराने विवाद को लेकर दो गुटों में जमकर सशस्त्र संघर्ष हुआ. इस हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है. पुलिस ने दोनों गुटों के 13 लोगों के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. यह घटना गाडगेनगर थाना क्षेत्र के पांढरी हनुमान रोड पर 30 मार्च को दोपहर 4 बजे के दौरान घटित हुई. घायलों में आबिद हुसैन अकील हुसैन (37) व शेख रेशन शेख इस्माइल है.
जानकारी के मुताबिक आबिद हुसैन अकील हुसैन ने गाडगेनगर थाने में दर्ज की शिकायत के मुताबिक वह अपने दोस्त के साथ कोर्ट में दुकान चलाता है. 30 मार्च को दोपहर के समय वह घर के पास पांढरी हनुमान रोड पर उपाध्याय की दुकान के पास खडा था तब शेख रेशन उर्फ राजू, शेख मुन्ना, शेख पप्पू, मोनू, शेख इरफान, शेख इस्माइल ने अचानक पीछे से हॉकी और चाकू से हमला कर दिया. आबिद हुसैन का आरोप है कि शेख इरफान ने उसके हाथ पर चाकू से वार कर गंभीर चोटे पहुंचाई. अन्य आरोपियों ने हॉकी से घुटने के नीचे, सिर पर और पीठ पर बेदम मारपीट कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया. शिकायत के आधार पर गाडगेनगर पुलिस ने सभी 6 आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 118 (1), 189, 190, 191 (1) (2) (3), 352, 351 (2) के तहत मामला दर्ज किया है.
इसी तरह शेख रेशन शेख इस्माईल ने दर्ज की शिकायत में आरोप किया है कि वह अलहीलाल कॉलोनी परिसर में स्थित अपने घर के पास खडा था तब अहमद खान, मकसूद खान, गोलू, शोएब, साहिल अहमद का साला जावेद और राजा अचानक वहां पहुंचे और सभी ने शेख रेशन पर हमला कर दिया. अहमद खान ने उसके हाथ और कंधे पर चाकू से वार किया. जबकि मकसूद ने छाती पर चाकू से वार किया. अन्य आरोपियोें ने लाठी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने सातों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 118 (1), 189, 190, 191 (1) (2) (3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.

Back to top button