तिवसा में किसान के फार्महाउस में आग, हजारों का नुकसान

तिवसा /दि.13 तिवसा तहसील के मौजे डेहनी रोड स्थित किसान रंगराव लवाले के फार्महाउस में शनिवार शाम करीब 6 बजे अचानक आग लग गई, जिससे कृषि उपकरणों सहित नींबू के बाग को भी भारी नुकसान पहुंचा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिवसा-निम्भोरा रोड पर डेहनी क्षेत्र में स्थित इस आधुनिक फार्महाउस में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया. आग के कारण आसपास के इलाके में घना धुआं फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई. इस आगजनी में नारियल के पेड़, स्प्रिंकलर पाइप, तिरपाल, बांस (आधार), गोबर खाद तथा अन्य कृषि सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो गई. साथ ही नींबू के बाग को भी नुकसान पहुंचा है. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार किसान को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही तिवसा नगर पंचायत की दमकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची. दमकलकर्मी विजय येवले, अंकित माहुरे, राहुल असोडे और चालक वैभव बोकडे ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया. आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है और संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है. इस घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में चिंता का माहौल है.

Back to top button