श्रीकृष्ण पेठ में कचरे के ढेर से लगी आग

दो दमकलों ने पाया काबू, परिसर में मचा हडकंप

अमरावती /दि.30 – श्रीकृष्ण पेठ क्षेत्र में स्थित अग्रवाल पेट्रोल पंप के पीछे सर्विस लेन में रविवार को भीषण आग लगने की घटना सामने आई. बताया जा रहा है कि सर्विस लेन में वर्षों से जमा कचरे के कारण यह आग भड़की. लंबे समय से यहां सफाई नहीं होने की वजह से कचरे का बड़ा ढेर लग गया था, जिससे आग तेजी से फैल गई. आग लगते ही अग्रवाल पेट्रोल पंप को तुरंत बंद कर दिया गया. पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने मौके पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया. इस दौरान आग पास के मकानों के पीछे तक पहुंचने की आशंका बन गई थी, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व महापौर व पार्षद मिलिंद चिमोटे तुरंत मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचित किया. इस दौरान पूर्व पार्षद कोमल बोथरा ने भी स्थिति को संभालने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया और राहत कार्य में मदद की. आग की गंभीरता को देखते हुए दो दमकल गाड़ियों को बुलाना पड़ा, जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कचरे की सफाई की जाती, तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था. उन्होंने प्रशासन से नियमित सफाई और उचित व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों.

Back to top button