कल अमरावती मनपा के नए सदन की पहली आमसभा
8 स्वीकृत सदस्यों के नामों पर लगेगी मुहर

* स्थायी समिति हेतु होगा 16 सदस्यों का चयन
* सभागृह नेता व नेता प्रतिपक्ष के नामों की होगी घोषणा
* सदस्यों द्वारा उपस्थित प्रश्नों पर भी होगी चर्चा
अमरावती/दि.19 – विगत जनवरी माह में हुए अमरावती मनपा के चुनाव पश्चात जहां विगत दिनों महापौर व उपमहापौर पदों के निर्वाचन व पदग्रहण की प्रक्रिया पूरी हुई. वहीं अब मतगणना पश्चात चुनाव परिणाम की अधिसूचना घोषित होने के उपरांत 30 दिन के भीतर सदन की पहली आमसभा बुलाए जाने के नियमानुसार कल शुक्रवार 20 फरवरी को अमरावती महानगर पालिका के नवनिर्वाचित व नवगठित सदन की पहली आमसभा होने जा रही है. इस बैठक को लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बढ़ गई है, क्योंकि कई महत्वपूर्ण निर्णय इसी सत्र में लिए जाने हैं.
कल 20 फरवरी को सुबह 11 बजे मनपा मुख्यालय स्थित भारतरत्न डॉ. बाबासाहब आंबेडकर सभागार में आयोजित होने जा रही मनपा के नए सदन की पहली बैठक में सबसे पहले पक्षीय बलाबल के अनुसार मनोनीत किए जानेवाले 8 स्वीकृत (नामित) सदस्यों के नामों को सदन की औपचारिक मंजूरी दी जाएगी. इसके बाद मनपा की सबसे प्रभावशाली मानी जाने वाली स्थायी समिति के लिए 16 सदस्यों का चयन किया जाएगा, जिस पर सभी दलों की विशेष नजर है. इसके साथ ही इस बैठक में सदन के सभागृह नेता तथा नेता प्रतिपक्ष के नामों की भी औपचारिक घोषणा की जाएगी, जिसके तहत प्रमुख सत्ताधारी दल भाजपा के गुट नेता चेतन गावंडे को सभागृह नेता तथा प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस के गुट नेता विलास इंगोले को नेता प्रतिपक्ष घोषित किए जाने की पूरी संभावना है. इसके अलावा इस बैठक में पार्षदों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न जनहित से जुड़े प्रश्नों पर चर्चा होने की संभावना है. शहर के विकास कार्य, मूलभूत सुविधाएं, बजट प्रस्ताव और प्रशासनिक प्राथमिकताओं जैसे मुद्दे भी बैठक के केंद्र में रहेंगे.
विशेष रुप से कहा जा सकता है कि, मनपा के नए सदन की पहली ही आमसभा में कई अहम नियुक्तियां और राजनीतिक समीकरण तय होने से यह बैठक अमरावती की आगामी नगर राजनीति की दिशा तय करने वाली मानी जा रही है.





