जमीन के लालच में रिश्ते भूला दिये…, मां-बहन पर चाकू से हमला
हमले में बहू का भी समावेश

* बुलढाणा जिले की घटना
बुलढाणा/दि.11 – आज के व्यवहारिक युग में हर कोई अपने स्वार्थ से प्रेरित है. यह एक दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि, संपत्ति की लालच में कुछ लोग अपने रिश्तों को भी भूल जाते है. इसका भयावह उदाहरण बुधवार 11 फरवरी को बुलढाणा जिले के मलकापुर तहसील में हुई घटना से सामने आया है. इसकी शुरुआत भूमि विभाजन से हुई और बहस हातापायी में बदल गई. बेटे ने अपनी मां और बहन पर चाकू से हमला कर दिया. यह चौकाने वाली घटना मलकापुर तहसील के वरखेड में घटित हुई. इस प्रकरण में मलकापुर ग्रामीण पुलिस ने बेटे और बहू के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक वरखेड निवासी वनमाला प्रल्हाद इंगले (55) नामक महिला फिलहाल सूरत में रहती है. वह अपने पैतृक गांव वरखेड में पारिवारिक जमीन के बंटवारे पर चर्चा के लिए आयी थी. गांव के ही एक घर में बैठक के लिए जाते समय उसे आरोपी कल्पना राजू इंगले ने रोका और जबरदस्ती मलकापुर चलने कहा. जब वनमाला ने बैठक छोडकर मलकापुर जाने से इंकार कर दिया, तब बहस शुरु हो गई. बहस के दौरान ही आरोपी राजू प्रल्हाद इंगले दौडकर आया और उसने हाथ में चाकू लेकर अपनी मां वनमाला इंगले पर हमला कर दिया. वनमाला ने आत्मरक्षा के लिए हाथ उपर उठाया. जिससे हमले में उसके दोनों हाथों पर गंभीर चोटे आ गई. मां को बचाने के लिए बेटी दौडी तब संतप्त राजू ने उस पर भी चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया. इतने पर ही न रुकते हुए उसने वनमाला की पोती (अपनी बहन की बेटी) को भी धक्का दिया और उसे भी थप्पड मारे. इस प्रकरण में वनमाला इंगले ने मलकापुर ग्रामीण थाने में शिकायत दर्ज की. पुलिस ने आरोपीद राजू इंगले और कल्पना इंगले के खिलाफ बीएनएस की धारा 118 (1), 115 (2), 351 (2) (3), 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया है.