पूर्व पार्षद सुवर्णा राऊत एक बार फिर पार्षद बनकर मनपा में पहुंचने के लिए तैयार
प्रभाग क्र. 17 से शिंदे गुट वाली शिवसेना की प्रत्याशी है सुवर्णा राऊत

* दावेदारी को मिल रहा जबरदस्त समर्थन और प्रतिसाद, स्थिति मजबूत
अमरावती /दि.14 – स्थानीय प्रभाग क्र. 17 गडगडेश्वर-रवि नगर से पार्षद पद हेतु शिंदे गुट वाली शिवसेना की प्रत्याशी रहनेवाली पूर्व पार्षद सुवर्णा राऊत एक बार फिर पार्षद निर्वाचित होकर मनपा के सदन में पहुंचने हेतु पूरी तरह से तैयार दिखाई दे रही है. क्योंकि उनकी दावेदारी को प्रभागवासियों की ओर से जबरदस्त समर्थन व प्रतिसाद मिलता दिखाई दे रहा है. जिसके चलते शिंदे सेना प्रत्याशी व पूर्व पार्षद सुवर्णा राऊत की दावेदारी और स्थिति को बेहद मजबूत माना जा रहा है.
शिंदे सेना की प्रत्याशी व पूर्व पार्षद सुवर्णा सुनील राऊत ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए कहा कि, वर्ष 2017 के बाद से विगत 9 वर्षों के दौरान तत्कालीन जनप्रतिनिधि द्वारा कोई काम नहीं किया गया और प्रशासकराज के दौरान भी प्रभाग के विकास की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया. जिसकी वजह से पूरे प्रभाग का सत्यानाश हो गया है. ऐसे में वे चुनाव जीतकर आने के बाद सबसे पहले प्रभाग में ड्रैनेज सिस्टीम को ठीक करवाते हुए अंडरग्राउंड विद्युत केबल का काम पूरा करवाएंगी. साथ ही बाग-बगीचों का सौंदर्यीकरण करवाते हुए प्रभाग में वाचनालय भी खुलवाएंगी. इसके साथ ही शिंदे सेना प्रत्याशी सुवर्णा राऊत ने प्रचार अभियान के दौरान मिल रहे प्रतिसाद को देखते हुए इस बार अपनी जीत को सुनिश्चित बताया.





