तेज रफ्तार ट्रैवल्स की टक्कर से पूर्व ग्रापं सदस्य की मौत
तिवसा के पंचवटी चौक पर हुआ दर्दनाक हादसा

तिवसा /दि.30 – गत रोज समीपस्थ पंचवटी चौक पर रास्ता पार कर रहे 72 वर्षीय व्यक्ति को सडक से गुजर रही तेज रफ्तार लक्जरी बस ने जोरदार टक्कर मार दी. जिसके चलते उस बुजूर्ग व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की शिनाख्त बाबाराव वामन थोरात (72, तलेगांव ठाकुर, तिवसा) के तौर पर हुई है. जो तलेगांव ठाकुर ग्रामपंचायत के पूर्व सदस्य थे.
जानकारी के मुताबिक पूर्व ग्रापं सदस्य बाबाराव थोरात रविवार की सुबह 9 बजे डवरगांव में रहनेवाले अपने एक रिश्तेदार के यहां जाने हेतु अपने घर से निकले थे, परंतु तिवसा में पंचवटी चौक से गुजरते समय उन्हें तेजरफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. यह भिडंत इतनी भीषण थी कि, बाबाराव थोरात की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं यह हादसा घटित होने के बाद उक्त लक्जरी बस का चालक अपने वाहन सहित मौके से भाग निकला. जिसका मौके पर उपस्थित कई लोगों ने पीछा भी किया, लेकिन उक्त तेजरफ्तार वाहन देखते ही देखते आंखों से ओझर हो गई. हालांकि इस दौरान कुछ लोगों ने उस वाहन का नंबर दर्ज करते हुए उसकी जानकारी पुलिस को दी. जिसके आधार पर तिवसा के थानेदार गोपाल उपाध्याय द्वारा उक्त वाहन एवं उसके चालक की खोजबीन की जा रही.





