मेलघाट के गन्ना कटाई मजदूरों की मदद के लिए आगे आए पूर्व मंत्री बच्चू कडू

मराठवाडा के गन्ना खेत मालिक को फोन पर दी चेतावनी

अमरावती/दि.26 – होली पर्व से पहले मजदूरी भुगतान को लेकर परेशान मेलघाट के गन्ना कटाई मजदूरों की सहायता के लिए विधायक बच्चू कडू को हस्तक्षेप करना पड़ा. मराठवाड़ा के धाराशिव जिले में काम कर रहे मजदूरों की मजदूरी रोके जाने की शिकायत मिलने पर कडू ने सीधे संबंधित मालिक से फोन पर बात कर कड़ी चेतावनी दी. इस पूरी बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद रोजगार के अभाव में मेलघाट क्षेत्र के बड़ी संख्या में आदिवासी युवक-युवतियों को पलायन करना पड़ता है. कई लोग शहरों की ओर रुख करते हैं, जबकि अनेक परिवार मराठवाड़ा और पश्चिम महाराष्ट्र के शुगर बेल्ट क्षेत्रों में गन्ना कटाई के काम के लिए जाते हैं. इस दौरान मजदूरों के बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित होती है, क्योंकि उन्हें माता-पिता के साथ ही काम के स्थान पर रहना पड़ता है, जहां पढ़ाई की उचित व्यवस्था नहीं होती.
बताया गया है कि मेलघाट के खडीमल गांव के कुछ मजदूर धाराशिव जिले में गन्ना कटाई के लिए गए थे. होली का त्यौहार नजदीक आने से मजदूर अपनी बकाया मजदूरी लेकर गांव लौटना चाहते थे, लेकिन उन्हें भुगतान देने में टालमटोल की जा रही थी. इसकी जानकारी प्रहार जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष एवं विधायक बच्चू कडू तक पहुंची. इसके बाद बच्चू कडू ने पहले मुकादम से मोबाइल पर संपर्क कर मजदूरी भुगतान में देरी का कारण पूछा, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित मालिक का नंबर लेकर सीधे उससे बातचीत की. कडू ने स्पष्ट कहा कि मजदूरों को त्योहार के लिए गांव लौटने से रोकना गंभीर मामला है और यदि भुगतान नहीं किया गया तो कानूनी कार्रवाई हो सकती है. बातचीत के दौरान मालिक ने मजदूरों को अग्रिम और पूरी राशि देने का दावा किया, लेकिन कडू ने मजदूरों को वापस जाने की अनुमति नहीं दिए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई. साथ ही उन्होंने धाराशिव जिले की पुलिस प्रशासन से भी संपर्क साधने का प्रयास किया.
इस घटना के बाद मजदूरों के मुद्दे एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं. उल्लेखनीय है कि आदिवासी और मजदूरों के विभिन्न सवालों को लेकर बच्चू कडू 1 मार्च से मेलघाट क्षेत्र में पदयात्रा भी निकालने वाले हैं.

Back to top button