भीषण हादसे में पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी की मौत
कामठी-नागपुर हाईवे पर ‘हिट एंड रन’

नागपुर/दि.28 – कामठी-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी कार्तिक अरगुल्लेवार (59) की दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना से क्रीड़ा जगत और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है. मिली जानकारी के अनुसार, कार्तिक अरगुल्लेवार साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे में टेक्नीशियन ग्रेड-1 के पद पर कार्यरत थे. गुरुवार को वे अपनी ड्यूटी खत्म कर एक्टिवा क्रमांक एमएच-40/बीआर-3803 पर सवार होकर घर लौट रहे थे. रास्ते में भेंडीखाना क्षेत्र के पास उनकी बाइक अचानक फिसल गई. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात चारपहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.
यह हादसा इतना भीषण था कि वाहन का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें कामठी उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया. अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके.
हॉकी के पूर्व राष्ट्रीय खिलाडी कार्तिक अरगुल्लेवार के निधन से खेल जगत को बड़ा नुकसान हुआ है. वे एक अनुभवी खिलाड़ी थे और उनके निधन से परिवार सहित खेल समुदाय में गहरा शोक व्याप्त है.





