भीषण हादसे में चार की मौत

मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल

अहमदनगर /दि.24 – जिले के श्रीगोंदा तहसील में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा घारगांव-कोलगांव रोड पर स्थित माऊली मंदिर के समीप सुबह करीब 3 बजे हुआ.
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक और इको कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और कार में सवार चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. हादसे में नितीन कोकाटे (कार चालक), गजानन पायघन, ध्रुपता पायघन और वैभव पायघन की मृत्यु हुई है. जानकारी के अनुसार पायघन परिवार मूल रूप से अकोले जिले के पातूर तालुका के मलतूर गांव का निवासी था और वर्तमान में काम के सिलसिले में श्रीगोंदा तालुका के चिंभले गांव में रह रहा था. कार में 13 वर्षीय करण पायघन भी सवार था. वह गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका नजदीकी निजी अस्पताल में उपचार जारी है. हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही बेलवंडी पुलिस थाने के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार गवाहून से चिंभले लौट रहा था, तभी दौंड की ओर से नगर दिशा में जा रहे ट्रक ने माऊली मंदिर के पास उनकी कार को टक्कर मार दी. इस दर्दनाक दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.

Back to top button