भीषण सडक हादसे में जुनी बस्ती बडनेरा के चार युवकों की मौत, तीन घायल

बीती रात अमरावती-अकोला महामार्ग पर हुआ भीषण हादसा

* तेज रफ्तार ट्रक ने स्वीफ्ट कार को मारी जबरदस्त टक्कर, कार चकनाचूर
* कार में सवार थे जुनी बस्ती बडनेरा के 7 युवक, सभी इस्लामी चौक व अलमास गेट परिसर के निवासी
* चार ने मौके पर ही तोडा दम, तीन घायलों में से एक की हालत बेहद गंभीर
* तीनों घायलों को इलाज के लिए रिम्स अस्पताल में कराया गया है भर्ती
* देर रात चाय पीने के लिए बेलोरा गए थे सातों युवक, वापिस लौटते समय हुए हादसे का शिकार
* आज देर रात चारों शवों की जुनी बस्ती बडनेरा के कब्रस्तान में होगी दफन विधि
* शवागार सहित चारों मृतकों के घरों पर लगा रहा लोगों का जमावडा, परिजनों का बुरा हाल
अमरावती/दि.7 – कल देर रात करीब 1.30 बजे के आसपास अमरावती-अकोला महामार्ग पर बेलोरा गांव के निकट भीषण सडक हादसा घटित हुआ. जब बेलोरा से जुनी बस्ती बडनेरा की ओर आ रही स्वीफ्ट कार को विपरित दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बुरी तरह से टक्कर मार दी. जिसके चलते कार में सवार सात में से चार युवकों मौके पर ही मौत हो गई. वहीं तीन युवक बुरी तरह से घायल हुए. जिसमें से एक की हालत अब भी बेहद गंभीर बनी हुई है. तीनों घायलों को इलाज के लिए रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं चारों शवों को जिला सामान्य अस्पताल के शवागार में लाया गया. जहां पर सुबह 11 बजे तक चारों शवों का पोस्टमार्टम करने के उपरांत उन्हें उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया. इस समय शवागार सहित चारों मृतकों व घायलों के घरों पर शोक संतप्त लोगों की अच्छी-खासी भीड जमा थी तथा मृतकों व घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. मृतकों के पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सभी शवों की जुनी बस्ती बडनेरा के कब्रस्तान में आज रात मगरीब अथवा इशा की नमाज के बाद दफनविधि की जाएगी. हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच-पडताल शुरु करने के साथ ही हादसे के बाद अपने वाहन सहित मौके से फरार हो जानेवाले ट्रक चालक की तलाश करनी शुरु कर दी है.
इस संदर्भ में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार, जुनी बस्ती बडनेरा स्थित इस्लामी चौक व अलमास गेट परिसर में रहनेवाले सात युवक स्वीफ्ट कार क्रमांक एमएच-04/जेबी-3369 में सवार होकर कल देर रात चाय पीने के लिए बेलोरा स्थित ‘सलीम चायवाला’ की दुकान पर गए थे. जहां से चाय पीकर लौटते समय उनकी कार को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. इस हादसे में मोहम्मद अनस मोहम्मद सईद (20), मोहम्मद तल्हा मोहम्मद अनीस (22), मोहम्मद अवेज मोहम्मद सईद (26) और अब्दुल अनवेस अब्दुल सलीम (22) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं अनस खान (22), मो. इजान अशर (23) और मोहम्मद हुजेफा (24) गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिसमें से मो. हुजेफा की स्थिति बेहद गंभीर बताई जा रही है. तीनों घायलों को इलाज हेतु बडनेरा रोड स्थित रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
कल देर रात घटित इस हादसे की सूचना मिलते ही बडनेरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं चारों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला सामान्य अस्पताल भेजे गए. इस दौरान जुनी बस्ती बडनेरा में इस लोमहर्षक हादसे और दुर्घटना में क्षेत्र के चार युवकों की मौत से संबंधित खबर पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर व्याप्त हो गई और देखते ही देखते मृतकों व घायलों के घरों सहित जिला शवागार परिसर में जुनी बस्ती बडनेरा परिसरवासियों की भीड जुटनी शुरु हो गई. जबकि संबंधित युवकों के परिजनों का रो-रोकर बेहद बुरा हाल रहा.
आज सुबह करीब 11 बजे के आसपास चारों मृतकों के शवों का जिला शवागार में पोस्टमार्टम किया गया और पोस्टमार्टम के पश्चात चारों शव उनके परिजनों के सुपूर्द कर दिए गए. जिसके बाद चारों शवों को लेकर उनके परिजन दोपहर 12 बजे के आसपास जुनी बस्ती बडनेरा पहुंचे, जहां पर चारों शवों को देखकर उनके परिजनों सहित परिसरवासी बिलख-बिलखकर रो पडे. इस समय मृतकों के पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि, चारों युवकों का अंतिम संस्कार (सुपुर्द-ए-खाक) आज शाम के बाद मगरीब या इशा की नमाज पश्चात जुनी बस्ती बडनेरा के कब्रिस्तान में किया जाएगा. इस घटना के चलते पूरे इलाके में गमगीन माहौल बना हुआ है. इस हृदयविदारक हादसे ने एक ही क्षेत्र के चार घरों के चिराग बुझा दिए हैं, जिससे पूरे बडनेरा क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
* जुनी बस्ती बडनेरा में रहा पूरी तरह सन्नाटा, सभी दुकाने रही बंद
आज सुबह से इस घटना के चलते जुनी बस्ती बडनेरा परिसर में स्थित सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह से बंद रहे और पूरे परिसर में कर्फ्यूसदृष्य सन्नाटा पसरा रहा. वहीं इस परिसर में स्थित चारों मृतकों व तीनों घायलों के घरों पर परिसरवासियों का पूरा समय जमघट लगा रहा.

Back to top button