भोंदू बाबा अशोक खरात फडणवीस सरकार का ही आदमी
नाना पटोले का आरोप

गोंदिया/दि.13 – राज्य में इस समय भोंदू बाबा खरात मामला चर्चा में है. इस पर कांग्रेस नेता नाना पटोले ने राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला है. फडणवीस सरकार इस मामले का राजनीतिक उद्देश्य से इस्तेमाल कर रही है और भोंदू बाबा असल में फडणवीस सरकार का ही आदमी बन गया है, ऐसा गंभीर आरोप नाना पटोले ने गोंदिया में प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाया. इस मौके पर उनके साथ सांसद डॉ. प्रशांत पडोले, पूर्व विधायक गोपालदास अग्रवाल और कांग्रेस के जिला अध्यक्ष दिलीप बनसोड आदि मौजूद थे.
* अब तक पत्नी को गिरफ्तार क्यों नहीं?
गोंदिया में पार्टी संगठनात्मक काम के लिए आए पटोले ने मीडिया से बात करते हुए कई गंभीर मुद्दे उठाए. उन्होंने कहा कि जिस तरह नरेंद्र मोदी की सरकार पर ‘एफस्टीन फाइल’ जैसे मामलों से सवाल उठे, उसी तरह महाराष्ट्र में ‘खरात फाइल’ तैयार की जा रही है. इस कथित फाइल में सत्ताधारी पक्ष के कई मंत्री और विधायकों के नाम सामने आ सकते हैं. उन्होंने कहा कि भोंदू बाबा खरात मामले की जांच कई दिनों से चल रही है, लेकिन अब तक उसकी पत्नी को गिरफ्तार नहीं किया गया है. जांच की रफ्तार देखकर सरकार की भूमिका संदिग्ध लगती है.
* सत्ता का दुरुपयोग
पटोले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर सीधा निशाना साधते हुए सवाल किया कि आरोपियों को गिरफ्तार किए बिना दूसरों पर आरोप लगाने का अधिकार सरकार को है क्या? उन्होंने कहा कि इस मामले का इस्तेमाल कर सत्ताधारी पक्ष अपने ही नेताओं को कंट्रोल करने की कोशिश कर रहा है. फाइल बनाकर दबाव की राजनीति की जा रही है. यह सत्ता का दुरुपयोग है, ऐसा उन्होंने कहा. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की पुलिस व्यवस्था अपेक्षित गति से काम नहीं कर रही है, जिससे जनता में अविश्वास बढ़ रहा है.
* फडणवीस को चुनौती
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी की लोकप्रियता कम होने की बात करने वाले मुख्यमंत्री एक बार बैलेट पेपर पर चुनाव करवा कर दिखाएं, तब असली जनभावना सामने आएगी. उन्होंने चुनाव प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव आयोग सत्ताधारियों के प्रभाव में काम कर रहा है और मेरे अनुसार चुनाव आयोग सरकार का चपरासी जैसा काम कर रहा है, ऐसी तीखी आलोचना की. साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्यभर में महंगाई और किसान मुद्दों पर जल्द ही बड़ा आंदोलन शुरू करेगी.





