‘स्वाधार’ योजना के लंबित आवेदनों की त्रुटियां दूर करने की अंतिम तिथि शुक्रवार

अनुसूचित जाति व नवबौद्ध विद्यार्थियों से 6 फरवरी तक दस्तावेज पूरे करने की अपील

अमरावती/दि.4 – भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्वाधार योजना के अंतर्गत शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए आवेदन करने वाले, लेकिन दस्तावेजों में त्रुटियों के कारण कार्यालय स्तर पर लंबित अनुसूचित जाति एवं नवबौद्ध वर्ग के विद्यार्थियों को शुक्रवार, 6 फरवरी 2026 तक अपनी त्रुटियां पूर्ण करने के निर्देश समाज कल्याण विभाग द्वारा दिए गए हैं.
राज्य सरकार द्वारा उन अनुसूचित जाति एवं नवबौद्ध वर्ग के विद्यार्थियों के लिए, जिन्हें शासकीय छात्रावासों में प्रवेश नहीं मिल पाया है, ‘भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्वाधार योजना’ लागू की गई है. इस योजना के तहत ग्यारहवीं, बारहवीं तथा बारहवीं के बाद के व्यावसायिक एवं अव्यावसायिक पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भोजन, निवास और अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं के लिए प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है. समाज कल्याण विभाग के अनुसार, वर्ष 2025-26 के लिए प्राप्त कुछ आवेदन आवश्यक दस्तावेजों की कमी के कारण लंबित हैं. ऐसे विद्यार्थियों की सूची समाज कल्याण कार्यालय के सूचना फलक पर प्रदर्शित की गई है. समय-समय पर सूचनाएं दिए जाने के बावजूद कई विद्यार्थियों ने अब तक अपनी त्रुटियां दूर नहीं की हैं, जिसके कारण उनके आवेदन अभी भी प्रलंबित हैं.
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यार्थियों के आवेदन त्रुटियों के कारण लंबित हैं, उन्हें शासन निर्णय में निर्धारित शर्तों के अनुसार आवश्यक दस्तावेज संबंधित शाखा में जमा कराने होंगे. निर्धारित समय-सीमा में त्रुटियां पूर्ण न करने की स्थिति में इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विद्यार्थी की होगी. इस संबंध में 6 फरवरी को दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक सहायक आयुक्त समाज कल्याण कार्यालय, अमरावती में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया है, जिसमें विद्यार्थी स्वयं उपस्थित रहकर अपनी त्रुटियां पूर्ण करवा सकेंगे. अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थियों से समाज कल्याण कार्यालय से संपर्क करने अथवा दूरभाष क्रमांक 0721-2661261 पर संपर्क साधने की अपील समाज कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त आर. वी. जाधव ने की है.

Back to top button