पूजा मालानी के भजनों पर थिरके समाजबंधु-भगिनी
माहेश्वरी पंचायत का राधाकृष्ण मंदिर में सुंदर आयोजन

* होली मिलन में उमडे सैकडों
अमरावती /दि.5 – माहेश्वरी पंचायत ने श्री राधाकृष्ण मंदिर में बुधवार शाम होली मिलन का सफल सुंदर आयोजन किया. उभरती जसगायिका पूजा मालानी ने मधुर भजनों की प्रस्तुति दी. जिसमें सराबोर होकर समाजबंधु-भगिनी ने थिरककर अपना आनंद व्यक्त किया. सैकडों की संख्या में बंधु-भगिनी उमडे थे. रंग-गुलाल से सभी के माथे पर तिलक किया गया. उसी प्रकार फूलों की होली खेली गई.
माहेश्वरी पंचायत के सुरेश साबू, अशोक जाजू, संजय राठी, विनोद डागा, चंदन मंत्री, एड. नंदकिशोर कलंत्री, राधेश्याम भूतडा, विजय प्रकाश चांडक, बिहारीलाल बूब, जयप्रकाश सारडा, मधुसूदन करवा, सुरेश चांडक, प्रा. जगदीश कलंत्री सहित गणमान्य की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही. भगवान श्री राधाकृष्ण का विशेष श्रृंगार कर गर्भगृह को रंगबिरंगी फूलों से सजाया गया था. आकर्षक सजावट देख सभी मोहित हो गये थे. महिला वर्ग भी बडी संख्या में व उल्हास, उमंग से उपस्थित रहा. सभी के लिए ठंडाई और अल्पोहार का प्रसाद रखा गया था.





