अगले वर्ष से संगाबा अमरावती विवि संपादकों का भी करेगा सम्मान

स्व. जुगलकिशोर अग्रवाल स्मृति में संभाग के संपादक होंगे पुरस्कृत

* ‘मंडल’ के संपादक अनिल अग्रवाल ने दी 5 लाख रुपयों की दान निधि
* दीक्षांत समारोह की पत्रवार्ता में विवि प्रशासन ने दी जानकारी
अमरावती /दि.23 – संत गाडगेबाबा अमरावती विद्यापीठ के दीक्षांत समारोह में अमरावती संभाग के पांचों जिलों से प्रकाशित होनेवाले अखबारों के संपादकों को सम्मानित व पुरस्कृत करने हेतु दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के संपादक अनिल अग्रवाल ने अपने पिता एवं वरिष्ठ पत्रकार स्व. जुगलकिशोर अग्रवाल की स्मृति में 5 लाख रुपए की दान निधि प्रदान की है. जिसके चलते अगले वर्ष से प्रतिवर्ष संगाबा अमरावती विवि के दीक्षांत समारोह में संभाग के संपादकों हेतु स्व. जुगलकिशोर अग्रवाल स्मृति संपादक पुरस्कार देने की परंपरा शुरु की जाएगी, इस आशय की घोषणा आज यहां बुलाई गई पत्रवार्ता में संगाबा अमरावती विवि के कुलगुरु डॉ. मिलिंद बारहाते द्वारा की गई.
बता दें कि, आगामी सोमवार 23 फरवरी को संगाबा अमरावती विवि का 42 वां दीक्षांत समारोह आयोजित होने जा रहा है. जिसकी जानकारी देने हेतु आज विवि परिसर में पत्रवार्ता बुलाई गई थी. जिसमें विवि प्रशासन द्वारा दातृ नामावली की जानकारी देते हुए बताया गया कि, दानदाताओं से मिली दान राशि के जरिए अगले वर्ष से संगाबा अमरावती विवि द्वारा तीन नये गोल्ड मेडल और पुरस्कार देने शुरु किये जाएंगे. जिनमें स्व. जुगलकिशोर अग्रवाल स्मृति संपादक पुरस्कार भी शामिल है. संभाग के 5 जिले के समाचार पत्रों के संपादक हेतु यह पुरस्कार रहेेगा. तदहेतु दैनिक अमरावती मंडल के संपादक अनिल जुगलकिशोर अग्रवाल ने विद्यापीठ को 5 लाख की दान निधि प्रदान की है. इस हेतु विद्यापीठ प्रशासन ने दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के संपादक अनिल अग्रवाल एवं अग्रवाल परिवार की सहृदयता के लिए आभार भी ज्ञापित किया है.

Back to top button