स्वच्छता, स्वास्थ्य व रोजगार पर रहेगी पूरी प्राथमिकता

प्रभाग क्र. 8 की पार्षद डॉ. अर्चना आत्राम का कथन

* जोग स्टेडियम-चपराशीपुरा प्रभाग में बताई कई विकास कामों की जरुरत
अमरावती /दि.12 प्रभाग क्र. 8 जोग स्टेडियम-चपराशीपुरा शहर के अन्य सभी प्रभागों की तुलना में काफी हद तक अलग है. इस प्रभाग में जहां एक ओर संमिश्र बस्तियां है. साथ ही इस प्रभाग में जनसंख्या भी जातिय एवं सामाजिक रुप से संमिश्र है. जिसके चलते इस प्रभाग की आवश्यकताएं व जरुरतें काफी अलग है. जिन्हें पूरा करने हेतु पार्षद के तौर पर विकास कामों की प्राथमिकताएं तय की जा रही है. जिनमें सबसे प्रमुख प्राथमिकता प्रभाग में स्वास्थ्य व स्वच्छता संबंधी सेवाओं एवं सुविधाओं को चुस्त-दुरुस्त करते हुए परिसर में स्ट्रीट लाइट लगवाना और प्रभाग के युवाओं हेतु स्वयंरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना है, इस आशय का प्रतिपादन प्रभाग क्र. 8 जोग स्टेडियम-चपराशीपुरा की नवनिर्वाचित पार्षद डॉ. अर्चना आत्राम द्वारा किया गया.
दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ विशेष तौर पर बातचीत करते हुए पार्षद डॉ. अर्चना आत्राम ने कहा कि, उनके प्रभाग के कई रिहायशी इलाकों में सडकों एवं नालियों की लंबे समय से कोई साफ-सफाई नहीं हुई है. ऐसे में उनकी सबसे पहली प्राथमिकता प्रभाग के सभी रिहायशी इलाकों में स्थित सडकों व नालियों को कचरामुक्त बनाने की है. इसके साथ ही बिच्छू टेकडी में मनपा के दवाखाने की इमारत लंबे समय से तैयार है. लेकिन वहां पर स्वास्थ्य संबंधी कोई सेवा व सुविधा उपलब्ध नहीं है. ऐसे में उस दवाखाने को पूरी क्षमता के साथ शुरु करवाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है. इसके अलावा प्रभाग के कई रिहायशी इलाकों में स्ट्रीट लाईट भी नहीं लगे है. जिसके चलते शाम ढलते ही संबंधित इलाकों की सडकों पर अंधेरा छा जाता है. जिससे क्षेत्रवासियों को काफी समस्याओं व दिक्कतों का सामना करना पडता है. इस बात को ध्यान में रखते हुए प्रभाग के प्रत्येक रिहायशी इलाके में स्ट्रीट लाइट लगवाए जाएंगे.
इन सबके साथ ही पार्षद डॉ. अर्चना आत्राम का कहना रहा कि, उनके प्रभाग में बेरोजगार युवाओं की संख्या काफी अधिक है. साथ ही शिक्षा सुविधाओं का भी काफी हद तक अभाव है. ऐसे में वे अपने प्रभाग में स्थित मनपा शालाओं की शैक्षणिक गुणवत्ता का स्तर उंचा उठाने तथा क्षेत्र के युवाओं को रोजगार व स्वयंरोजगार हेतु प्रशिक्षण दिलवाने के लिए भी आवश्यक प्रयास करेगी. साथ ही साथ रोजगार व स्वयंरोजगार करने के इच्छुक युवाओं को सरकार की ओर से आवश्यक सहायता भी दिलवाएंगी.

Back to top button