इतवारा बाजार में आठ दिनों से नहीं उठा कचरा

स्वच्छता निर्मूलन समिति में हर प्रभाग से प्रतिनिधित्व की पार्षद दीपक सम्राट की मांग

अमरावती/दि.13- शहर के व्यस्त इतवारा बाजार परिसर में पिछले आठ दिनों से कचरा नहीं उठाए जाने के कारण परिसर की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है. बाजार क्षेत्र में जगह-जगह कचरे के ढेर लगने से व्यापारियों और नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस गंभीर समस्या को लेकर युवा स्वाभिमान पार्टी के नगरसेवक दीपक सम्राट ने महानगरपालिका प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है. उन्होंने कहा कि इतवारा बाजार जैसे महत्वपूर्ण और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में आठ दिनों तक कचरा नहीं उठना स्वच्छता व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है. उन्होंने मनपा की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए स्वच्छता निर्मूलन समिति में हर प्रभाग से एक-एक नगरसेवक को शामिल करने की मांग की है.
नगरसेवक दीपक सम्राट ने कहा कि यदि प्रत्येक प्रभाग का प्रतिनिधि समिति में रहेगा तो क्षेत्र की समस्याओं को सीधे समिति के सामने रखा जा सकेगा और उनका समाधान भी तेजी से हो सकेगा. उन्होंने आगे कहा कि जब इस तरह की समस्या सामने आती है तो यह समझ नहीं आता कि इस पर चर्चा किससे और कैसे की जाए. इसी कारण उन्होंने मांग की है कि मनपा की स्वच्छता निर्मूलन समिति में हर प्रभाग से एक-एक नगरसेवक को शामिल किया जाए, ताकि प्रत्येक क्षेत्र की समस्याओं को समिति में सीधे उठाया जा सके. उन्होंने महापौर से अपील करते हुए कहा कि यदि समिति में सभी प्रभागों का प्रतिनिधित्व रहेगा तो शहर के अलग-अलग हिस्सों की सफाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान जल्दी और प्रभावी तरीके से किया जा सकेगा. व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने भी जल्द से जल्द इतवारा बाजार से कचरा हटाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग मनपा प्रशासन से की है.

Back to top button