राजकमल ब्रिज के लिए 125 करोड दें
सुलभा खोडके की मांग पर सीएम फडणवीस सहमत

* नवनिर्माण का रास्ता प्रशस्त
अमरावती/दि.28 – अगले माह प्रस्तुत होने वाले प्रदेश के अर्थसंकल्प में राजकमल रेल्वे पुल के लिए नवनिर्माण हेतु 125 करोड 37 लाख के प्रावधान की मांग विधायक सुलभा खोडके ने की. उन्होंने विधानमंडल में बताया कि, उक्त प्रस्ताव शासन को भेजा गया है. इस प्रस्ताव को स्वीकार करने से निश्चित ही राजकमल रेल्वे ब्रिज का नवनिर्माण का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा. विधायक खोडके की मांग पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सहमति दर्शा दी है. जिससे माना जा रहा है कि, उडानपुल का नवनिर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है. उल्लेखनीय है कि, राज्य का बजट देवेंद्र फडणवीस ही प्रस्तुत करने वाले हैं.
राजकमल ब्रिज गत अगस्त माह से छोटे वाहनों के लिए भी बंद कर दिया गया. ब्रिज जर्जर हो जाने का दावा निजी वास्तु कंपनी ने रिपोर्ट में किया था. जिसके कारण करीब 6 दशक पहले बने रेल्वे ओवर ब्रिज पर यातायात रोकना पडा. 6 महीने से निर्माणकार्य अटका पडा है. अभी तक बिज ढहाना भी शुरु नहीं किया गया है. जबकि शहरवासी भीषण यातायात की समस्या से जूझ रहे हैं.
शहरवासियों की दिक्कत को ध्यान में रखकर विधायक सुलभा खोडके ने रेल्वे ओवर ब्रिज के नवनिर्माण हेतु 127 करोड 37 लाख रुपए लागत के प्रावधान की बजट में घोषणा करने की मांग रखी. जिस पर सीएम फडणवीस ने सहमति दर्शा दी है. खोडके ने कहा कि, दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीतदादा पवार ने गत 9 जनवरी के अपने अमरावती दौरे के समय भी उडानपुल बनाने के लिए फंड देने की घोषणा की थी. बजट में इसके प्रावधान की पेशकश की थी. ऐसे में अमरावती से खर्च का प्रस्ताव शासन को प्रस्तुत किया गया है. विधायक खोडके ने बताया कि, मुख्यमंत्री राजी हो गये हैं.





