अमरावती के रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी
बडनेरा-नाशिक मेमू ट्रेन को मिली समयावृद्धि

अमरावती/दि.18 – त्योहारों और गर्मियों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है. बडनेरा-नाशिक दैनिक मेमू विशेष ट्रेन को अवधि बढ़ाकर अब होली विशेष और ग्रीष्मकालीन विशेष के रूप में चलाया जाएगा. रेलवे के अनुसार ट्रेन नंबर 01211 बडनेरा-नाशिक (137 फेरे) और ट्रेन नं. 01212 नाशिक-बडनेरा (137 फेरे) मिलाकर कुल 274 फेरे लगाए जाएंगे. इससे अमरावती क्षेत्र के यात्रियों तथा श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी.
इस ट्रेन से शेगांव, भुसावल जंक्शन, त्र्यंबकेश्वर मंदिर जाने वाले यात्रियों को सीधा लाभ होगा. बता दें कि, बडनेरा-नाशिक रोड मेमू ट्रेन सुबह करीब 11:33 बजे शेगांव पहुंचती है, जिससे भक्तों को दर्शन के लिए अनुकूल समय मिलता है. वहीं दोपहर 3:05 बजे भुसावल और रात लगभग 7:05 बजे नाशिक रोड पहुंचती है. यह मेमू ट्रेन मार्ग के लगभग सभी छोटे स्टेशनों, मुर्तिजापुर, अकोला, जलंब, नांदुरा, मलकापुर आदि पर भी रुकती है. अनारक्षित होने के कारण दैनिक यात्रियों और छोटे कामकाज से यात्रा करने वालों के लिए यह काफी उपयोगी रहेगी.
* अमरावती से भी चढ़ सकेंगे यात्री
हालांकि ट्रेन का नाम बडनेरा-नाशिक मेमू है, लेकिन यह रोज रखरखाव के लिए अमरावती रेलवे स्टेशन आती है और सुबह करीब 9 से 9:30 बजे यहीं से बडनेरा की ओर रवाना होती है. जानकारी के अभाव में कई यात्री पहले बडनेरा जाकर ट्रेन पकड़ते थे, जबकि वे सीधे अमरावती से भी इस ट्रेन में सवार हो सकते हैं. यात्रियों से मिल रहे अच्छे प्रतिसाद के बाद अब स्थानीय नागरिकों ने इस मेमू ट्रेन को स्थायी रूप से शुरू रखने की मांग भी उठाई है. रेलवे द्वारा अवधि बढ़ाए जाने से फिलहाल यात्रियों को बड़ी राहत मिली है.





