दो बंद मकानों से साढे चार लाख रुपए का माल
गाडगे नगर थाना क्षेत्र के असुबकार कॉलोनी की घटना

* पुलिस जुटी आरोपी की तलाश में
अमरावती /दि.9 – गाडगे नगर थाना क्षेत्र के दो बंद मकानों को निशाना बनाते हुए शातिर चोरों ने 4 लाख 30 हजार रुपए का माल चोरी कर लिया. यह घटना शनिवार की देर रात वलगांव रोड स्थित असुबकार कॉलोनी में घटित हुई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.
जानकारी के मुताबिक असुबकार कॉलोनी निवासी जकी अहमद मो. युसुब 53 नामक व्यक्ति अपने परिवार के साथ 6 फरवरी को यवतमाल गये थे. शनिवार 7 फरवरी की रात 11 बजे के दौरान पडोसी मो. इरशाद ने फोन कर बताया कि, उनके घर में चोरी हुई है. मकान के दरवाजे के ताले टूटे हुए नजर आ रहे है. यह जानकारी मिलने के बाद जकी अहमद अमरावती पहुंचे और घर में प्रवेश कर देखा तो उन्हें सारा सामान अस्त-व्यस्त दिखाई दिया. इस समय किसी अज्ञात चोर ने उनके घर में प्रवेश कर अलमारी में से 70 हजार रुपए नकद, 6 ग्राम सोने के आभूषण, 30 ग्राम चांदी की पायल, पांच अंगूठी समेत कुल 1 लाख 30 हजार रुपए का माल चुरा लिया. इसी परिसर में 4 से 5 मकान छोडकर रहने वाले मो. रफीक मो. रहमान के घर का भी ताला तोडकर शातिर चोर ने 25 हजार रुपए नकद, दूसरे बेडरुम से 60 हजार रुपए नकद, 10 तोला चांदी समेत कुल 3 लाख रुपए का माल उडा लिया. दोनों चोरी के प्रकरण में गाडगे नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरु किया है.





