मेलघाट के अंतिम गांव तक पहुंच रहीं सरकारी योजनाएं
धुलघाट रोड पर राजस्व समाधान शिविर आयोजित

धारणी/दि.7 – मेलघाट के दुर्गम और आदिवासी बहुल क्षेत्रों के नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से छत्रपति शिवाजी महाराज राजस्व समाधान शिविर अभियान चलाया जा रहा है. इसी के तहत शनिवार को धारणी तहसील कार्यालय की ओर से धुलघाट रोड क्षेत्र में राजस्व समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया. यह शिविर राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की संकल्पना तथा जिलाधिकारी आशिष येरेकर के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है.
धारणी के तहसीलदार प्रदीप शेवाले के नियोजन से आयोजित इस शिविर में आसपास के ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान करने का प्रयास किया गया. शिविर में राजस्व, पंचायत, स्वास्थ्य, कृषि, आपूर्ति, महिला एवं बाल विकास विभाग, विद्युत वितरण कंपनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देकर उनकी समस्याओं का निराकरण किया. इस अवसर पर सहायक जिलाधिकारी सिद्धार्थ शुक्ला ने कहा कि मेलघाट के अंतिम छोर तक सरकारी योजनाओं को पहुंचाना ही शासन आपके द्वार की संकल्पना को साकार करना है. ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं और आम नागरिकों के राजस्व संबंधी दैनिक प्रश्नों का समाधान करना तथा उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है.शिविर में लाभार्थियों को जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड सहित अन्य आवश्यक सरकारी दस्तावेज वितरित किए गए. इससे दूरदराज के ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली और उन्होंने प्रशासन के इस प्रयास पर संतोष व्यक्त किया.कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला परिषद सदस्य श्रीपाल पाल ने की. मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व उपसरपंच सुपीत मालवीय और रोहित पाल उपस्थित थे. इस दौरान सहायक जिलाधिकारी सिद्धार्थ शुक्ला, तहसीलदार प्रदीप शेवाले, नायब तहसीलदार राजेश माली, गट विकास अधिकारी शिडाम, तहसील कृषि अधिकारी जाधव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मंडल अधिकारी, तलाठी और ग्रामसेवक बड़ी संख्या में मौजूद रहे. प्रशासन का कहना है कि ऐसे शिविरों के माध्यम से मेलघाट के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा रहा है.





