नांदुरा तहसील ‘टैलेंट सर्च’ परीक्षा को उत्स्फुर्त प्रतिसाद
1061 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा

* श्री पुंडलिक महाराज महाविद्यालय का उपक्रम
नांदुरा/दि.30– श्री शिवाजी शिक्षण संस्था अमरावती द्बारा संचालित स्थानीय पुंडलिक महाराज महाविद्यालय की ओर से रविवार 29 मार्च को आयोजित नांदुरा तहसील टैलेंट सर्च स्पर्धा परीक्षा को विद्यार्थियों ने उत्स्फुर्त प्रतिसाद दिया. नांदुरा शहर व तहसील की 39 शालाओं के 1130 विद्यार्थियों ने इस स्पर्धा परीक्षा के लिए पंजीयन करवाया था. उसमें से 1061 विद्यार्थी उपस्थित रहे.
ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में बचपन से ही स्पर्धा परीक्षा को लेकर रूचि निर्माण हो. इस उद्देश्य से चलाए गये इस उपक्रम की पालक व शिक्षक वर्ग में प्रशंसा हो रही है. अत्यंत नियोजनपूर्वक परीक्षा का आयोजन किया गया था. कक्षा 8 वीं से 11 वीं अ गुट और कक्षा 11 वीं से 12 वीं ब गुट ऐसे दो गुटों में परीक्षा आयोजित की गई थी. स्पर्धा परीक्षा में सहभागी विद्यार्थियों के लिए पुरस्कारों की भी घोषणा की गई थी. जिसमें पहले गुट में प्रथम आनेवाले विद्यार्थी को 4 हजार रूपए, दूसरे क्रमांक पर आनेवाले विद्यार्थी को 3 हजार रूपए, तीसरे क्रमांक में आनेवाले विद्यार्थियों को 2 हजार रूपए और चौथे क्रमांक में आनेवाले विद्यार्थी को प्रोत्साहन पर 1 हजार रूपए नकद पुरस्कार रखा गया था.
उसी प्रकार दूसरे ब गुट के लिए प्रथम पुरस्कार 5 हजार रूपए, द्बितीय पुरस्कार 3 हजार रूपए, तृतीय पुरस्कार 2 हजार रूपए तथा चतुर्थ प्रोत्साहन पुरस्कार 1 हजार रूपए रखा गया था. परीक्षा को लेकर सुबह से ही महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की भारी भीड दिखाई दी. तहसील के दुर्गम क्षेत्रों से भी विद्यार्थियों ने बडी संख्या में उपस्थिति दर्ज की. महाविद्या्लय के प्राचार्य डॉ. करमसिंग राजपूत ने परीक्षा के सफल आयोजन पर सभी प्राध्यापक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और विद्यार्थियों का अभिनंदन किया वही पालक और शिक्षकों की ओर से भी समाधान व्यक्त किया गया.





