परसों भव्य श्रीराम नवमी शोभायात्रा
बालाजी प्लॉट से निकलेगी विशाल रैली

* बालाजी प्लॉट से निकलेगी विशाल रैली
* झांकियों के लिए हजारों के नकद इनाम
* भागीरथ अहरवार मुख्य यजमान
अमरावती / दि.24 – श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर शहर में इस वर्ष भी भव्य और आकर्षक शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है. विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं श्रीराम नवमी शोभायात्रा समिति के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार 26 मार्च को शाम 6 बजे बालाजी प्लॉट स्थित प.पू. सीतारामबाबा मंदिर प्रांगण से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी. कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5 बजे श्रीराम पूजन एवं आरती के साथ होगी. इस अवसर पर पूजा के मुख्य यजमान के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता सौ. श्यामा अहरवार, भागीरथ अहरवार, सरोज कुसवाह एवं केरावजी कुसवाह उपस्थित रहेंगे. यह जानकारी आज दोपहर आयोजित प्रेसवार्ता में विहिंप और बजरंग दल पदाधिकारियों ने दी.
* संत-महात्माओं का मिलेगा आशीर्वाद
शोभायात्रा के दौरान विभिन्न संत-महात्माओं का मार्गदर्शन और आशीर्वचन प्राप्त होगा. इसमें प्रमुख रूप से अंजनगांव सुर्जी देवनाव मठ के मठाधीश प.पू. श्री जीतेंद्रनाथ महाराज, कौंडण्यपुर विदर्भपीठ के पीठाधीश्वर जगतगुरु रामानंदाचार्य श्रीराम राजेश्वराचार्यजी, सीतारामदाबाबा संस्थान के महामंडलेश्वर संत मनमोहनदास महाराज, शिवधारा आश्रम के डॉ. संतोषजी महाराज तथा प.पू. सचिनदेव महाराज शामिल रहेंगे.
* आयोजन समिति की अहम भूमिका
इस भव्य आयोजन के सफल संचालन हेतु समिति के अध्यक्ष के रूप में उद्योजक रोहित देशमुख, कार्याध्यक्ष चंद्रकुमार उर्फ लष्मीभैया जाजोदिया, स्वागताध्यक्ष संजय बत्रा एवं पुरुषोत्तम बजाज सहित अनेक पदाधिकारी सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं. उपाध्यक्ष के रूप में रविराज देशमुख, सचिव एड. प्रशांत देशपांडे, सहसचिव सुधीर बोपुलवार तथा कोषाध्यक्ष अमरी सुल्ना सहित बड़ी टीम आयोजन को सफल बनाने में जुटी है.
* झांकी प्रतियोगिता में आकर्षक पुरस्कार
शोभायात्रा के दौरान झांकी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागियों के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार घोषित किए गए हैं प्रथम पुरस्कार: 15,000, द्वितीय पुरस्कार: 11,000, तृतीय पुरस्कार: 9,000, चतुर्थ पुरस्कार: 7,000, पंचम पुरस्कार: 5,000, 5 झांकियों को प्रोत्साहन पुरस्कार: 1,000 प्रति झांकी यह सभी पुरस्कार विभिन्न दिवंगत व्यक्तियों की स्मृति में उनके परिवारजनों द्वारा प्रदान किए जाएंगे.
* कार्यकर्ताओं में उत्साह
विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के जिला एवं महानगर पदाधिकारी, जिनमें जिलाध्यक्ष अनिल साहू, संगठन मंत्री विशाल राऊत, मंत्री विजय खडसे सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल हैं, शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं. श्रीराम नवमी के इस आयोजन को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल है. श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर शोभायात्रा को सफल बनाने की अपील की गई है. यह शोभायात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगी, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का भी भव्य प्रदर्शन करेगी.





