शहर में 5 अप्रैल को हज प्रशिक्षण इज्तेमा

महिला व पुरुष जायरिनो के लिए स्वतंत्र व्यवस्था

अमरावती/दि.1- दावत-ए-इस्लामी इंडिया की ओर से आगामी रविवार 5 अप्रैल को अमरावती में हज पर जाने वाले जायरिनों के लिए विशेष हज तरबियती इज्तेमा का आयोजन किया जा रहा है. इस इज्तेमा में साल 2026 में हज यात्रा पर जाने वाले लोगों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा.
जानकारी देते हुए बताया गया कि, पुरुषों के लिए यह इज्तेमा मदीना कच्छी मेमन मस्जिद, सिटी हॉस्पिटल के पास, वलगांव रोड, असोरिया पेट्रोल पंप के नजदीक, हबीब नगर नंबर 1 में आयोजित होगा. इज्तेमा में हज से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी जैसे अहराम बांधने का तरीका, हल्क और तकसीर, तवाफ की प्रक्रिया, सफर की तैयारी, जरूरी सामान और हज के पांच दिनों की पूरी जानकारी दी जाएगी. साथ ही नए अपडेट और नियमों के बारे में भी हाजियों को मार्गदर्शन किया जाएगा. आधुनिक तकनीक के जरिए मॉडल, प्रोजेक्टर और एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा.
वहीं महिलाओं के लिए भी अलग से प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है. महिलाओं का इज्तेमा हबीब नगर नंबर 1 स्थित फारूक भाई पारले के निवास पर आयोजित होगा, जहां पर्दा व्यवस्था के साथ सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी. महिला शिक्षिकाएं (आलिमा) महिलाओं को हज से संबंधित प्रशिक्षण देंगी.
आयोजकों ने अमरावती जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के सभी हाजियों से इस इज्तेमा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है.

Back to top button