नागपुर में पकडा आधा टन गांजा
बिहार के तस्कर को दबोचा

नागपुर /दि.24 – कोलकाता से कंटेनर में छिपाकर मुंबई की ओर ले जाये जा रहे 507 किलो गांजा की खेप पुलिस की नशाबंदी विरोधी टास्क फोर्स ने आज सबेरे मौदा टोल नाके पर पकडी. गांजा तस्कर संजय यादव को दबोचा गया. वह बिहार के बोधगया का रहने वाला बताया जाता है. पकडे गये नशीले पदार्थ की कीमत ढाई करोड रुपए बतायी जा रही है. काली प्लास्टिक की पन्नियों में यह गांजा रखा गया था. पुलिस की नजर से न बच सका.
उपराजधानी में गांजे की खेप आने की खबर मिलते ही पुलिस का खुफिया विभाग सक्रिय हो गया था. जिसके बाद नाकाबंदी की गई. इस दौरान काफी वाहनों की निगरानी करने के बाद एक ट्रक पर पुलिस को संदेह हुआ. उसकी तलाशी लेने पर निर्माण सामग्री के साथ ही प्लास्टिक के थैलों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ. गांजे की बडी भारी खेप की नापतौल की तो आधा टन से अधिक माल मिला. जिसकी कीमत करोडों में बतायी गई है. पुलिस आयुक्त रवींद्र सिंघल ने बडी कार्रवाई को अंजाम देने वाली दल की पीठ थपथपाई है. पकडे गये आरोपी संजय यादव से पूछताछ की जा रही है. इसके आधार पर और गिरफ्तारियां हो सकती है.