चांदूर रेल्वे में 20 अप्रैल को ‘हल्लाबोल’ आंदोलन का ऐलान

पत्रकार परिषद में उत्तमराव गवई ने दी जानकारी

चांदूर रेल्वे/दि.13 – चांदूर रेल्वे में प्रतिमा हॉल एवं स्मारक पार्क निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. इस मुद्दे पर प्रतिमा हॉल स्मारक पार्क निर्माण समिति ने 20 अप्रैल 2026 से नगर परिषद कार्यालय पर विशाल ‘हल्लाबोल’ आंदोलन की घोषणा की है. समिति के अध्यक्ष समाज भूषण उत्तमराव गवई ने स्पष्ट किया है कि नगर परिषद प्रशासन द्वारा विरोध प्रदर्शन न करने का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा और पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आंदोलन किया जाएगा.
पत्रकार परिषद में उत्तमराव गवई ने आरोप लगाया कि, चांदूर रेल्वे नगर परिषद प्रशासन महान व्यक्तित्व के अनुयायियों की भावनाओं को नजरअंदाज कर रहा है और बिना किसी चर्चा के एकतरफा निर्णय लेकर आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जा रहा है. गवई ने कहा कि संविधान की 75वीं वर्षगांठ के बाद भी चांदूर में भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के नाम पर न तो कोई सभागार है और न ही छात्रों के लिए अध्ययन कक्ष. उन्होंने प्रशासन पर यह भी आरोप लगाया कि स्वीकृत जमीन पर अतिक्रमण किया जा रहा है और इस गंभीर मुद्दे पर जिले के जनप्रतिनिधि व राजनीतिक नेता चुप्पी साधे हुए हैं. समिति ने चेतावनी दी है कि 20 अप्रैल से मांगें पूरी होने तक विशाल मोर्चा, धरना-प्रदर्शन और जरूरत पड़ने पर आमरण अनशन भी किया जाएगा. गवई, जो 81 वर्ष के हैं और कई बीमारियों से ग्रस्त हैं, ने कहा कि वे अपने जीवन की परवाह किए बिना आंदोलन जारी रखेंगे. आंदोलन में शामिल होने के लिए डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के अनुयायियों से नीले झंडे के साथ बड़ी संख्या में उपस्थित रहने की अपील की गई है. पत्रकार परिषद में उत्तमराव गवई समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

Back to top button