घोडदेव खुर्द में बेमौसम बारिश का कहर
ओले गिरने से संतरा उत्पादकों का नुकसान

मोर्शी /दि.21 – सतपुडा पर्वत की तलहटी से सटे घोडदेव खुर्द परिसर में 20 मार्च को तडके बेमौसम बारिश और ओले गिरने से संतरा उत्पादक किसानों का काफी नुकसान हो गया. प्राकृतिक कहर से बगीचों का आंबिया बहार का संतरा पेडों से गिर गया. फलस्वरुप काफी नुकसान होने की आशंका है. संतरा उत्पादक विशेष आर्थिक पैकेज की मांग कर रहे हैं. पहले ही उत्पादकों को रोग आदि के कारण इस बार उत्पादन कम हुआ था. ऐसे में फसल बीमा योजनांतर्गत तुरंत सहायता दिये जाने की मांग उठ रही है.
मोर्शी तहसील अंतर्गत संतरा उत्पादक किसानों के बगीचों को विविध रोगों ने घेर लिया था. जिससे पेड सूखने लगे थे. किसान उन्हें बचाने के लिए दर-दर भटक रहे थे. कई किसानों ने लाखों रुपए का लोन लेकर आर-पार की परिस्थिति में भी संतरा आंबिया बहार बचाने का प्रयत्न किया. अभी पेडों पर फल लगे ही थे कि, शुक्रवार की बारिश ने सभी को हलकान कर दिया. ओले गिरने से संतरा पेडों पर लगे फल गिर गये. खराब हो गये. संतरे की गुणवत्ता भी प्रभावित हुई. जिससे मार्केट में अच्छे रेट मिलना दुभर बताया जा रहा है. किसानों ने तत्काल पंचनामें पर सरकारी सहायता की मांग रखी है. प्रतिवर्ष बेमौसम बरसात के कारण नुकसान हो रहा है. ऐसे में स्थायी उपाय की मांग भी किसान कर रहे हैं.





