सीर पर गर्मी, दिमाग पर परीक्षा का तनाव, सेहत का रखे विशेष ख्याल
फरवरी के दूसरे पखवाडे में तपन बढी

अमरावती/दि.24 – फरवरी के दूसरे पखवाड़े में ही बढ़ती गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है. इसी बीच 10वीं, 12वीं और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं का दौर जारी है. जिले में 12वीं कक्षा के लिए 137 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 35,925 विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं, जबकि 10वीं के लिए 187 केंद्रों पर करीब 39,196 छात्र शामिल हो रहे हैं. ऐसे में पढ़ाई और परीक्षा के तनाव के बीच छात्र अक्सर अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि परीक्षा के दौरान शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद जरूरी है.
* गर्मी और तनाव के बीच संतुलन जरूरी
भीषण गर्मी और ‘कागज का तनाव’ (परीक्षा का दबाव) – इन दोनों चुनौतियों के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है.
* आहार में रखें ये सावधानियां
सुबह प्रोटीन युक्त नाश्ता करें – मूंग दाल, अंडा, दूध आदि. नींबू पानी, नारियल पानी, छाछ और पर्याप्त पानी का सेवन करें. फल, सब्जियां, दही का सेवन बढ़ाएं.
* जंक फूड और तले-भुने पदार्थों से दूर रहें
विशेषज्ञों के अनुसार, शरीर में पानी की कमी न होने दें. सुबह का पौष्टिक नाश्ता दिनभर ऊर्जा बनाए रखता है.
* दिनचर्या और नींद का रखें ध्यान
10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 18 मार्च तक चलेंगी. यदि इस दौरान स्वास्थ्य बिगड़ता है तो अगली परीक्षाओं पर भी उसका असर पड़ सकता है. पूरी रात जागकर पढ़ाई करना और फिर तेज धूप में परीक्षा देने जाना शरीर पर अतिरिक्त दबाव डालता है. पर्याप्त नींद लेना और समय की सही योजना बनाना जरूरी है.
* पहनावे और सुरक्षा पर भी ध्यान
हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें. बाहर निकलते समय धूप का चश्मा, टोपी या स्कार्फ का उपयोग करें. परीक्षा केंद्र पर पानी की बोतल साथ रखें. हल्का नाश्ता करके ही घर से निकलें.
* क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. रवींद्र बागडे का कहना है कि भीषण गर्मी और परीक्षा तनाव की दोहरी चुनौती के बीच छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना चाहिए.
* पर्याप्त नींद जरूरी
छात्र कान्हा कावरे ने बताया कि परीक्षा के दौरान थोड़ा तनाव स्वाभाविक है, लेकिन समय की सही योजना और पर्याप्त नींद से आत्मविश्वास बढ़ता है.
* समय पर भोजन और आराम जरूरी
वहीं पालक जयकृष्ण सहारे का कहना है कि बच्चों को पढ़ाई के साथ समय पर भोजन और आराम भी जरूरी है, इस पर अभिभावकों को विशेष ध्यान देना चाहिए.
* अच्छी सेहत भी आवश्यक
गर्मी और परीक्षा के इस दौर में छात्रों के लिए संदेश स्पष्ट है – अच्छी तैयारी के साथ अच्छी सेहत भी उतनी ही जरूरी है.





