महाराष्ट्र में बढ़ी गर्मी की मार, कई क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी

दोपहर के बाद सावधानी बरतने की सलाह

मुंबई/दि.5- महाराष्ट्र सहित देश के कई हिस्सों में मौसम लगातार बदलता दिखाई दे रहा है. कहीं गर्मी तो कहीं बारिश जैसी स्थिति बनी हुई है. इसी बीच मौसम विभाग ने राज्य के कुछ क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी और उमस को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. नागरिकों को विशेषकर दोपहर के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार हाल के दिनों में राज्य में तापमान तेजी से बढ़ा है. देश में सबसे अधिक तापमान महाराष्ट्र के अकोला में दर्ज किया गया, जहां पारा 38.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. विदर्भ क्षेत्र के अमरावती और वर्धा में भी तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है. वहीं राज्य के कुछ क्षेत्रों में आज बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है. बादल रहने के कारण उमस और गर्मी और अधिक बढ़ सकती है. मौसम विभाग ने पालघर, ठाणे, मुंबई, कोंकण और रायगढ़ जिलों में गर्म और उमस भरे मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.
वहीं मुंबई और कोंकण क्षेत्र में भी गर्म और उमस भरा मौसम देखने को मिला. पिछले सप्ताह राज्य के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश हुई थी, जिससे कुछ दिनों तक ठंडक महसूस हो रही थी. लेकिन अब अचानक तापमान में तेजी से वृद्धि होने लगी है और दोपहर के समय तेज धूप के कारण गर्मी अधिक महसूस हो रही है. पुणे में भी लगातार दो दिनों से अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है. उत्तरी दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं का प्रभाव अब लगभग समाप्त हो गया है.
इधर देश में न्यूनतम तापमान उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि महाराष्ट्र में सबसे कम तापमान धुले में 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा.

Back to top button