महामहिम द्रौपदी मुर्मू 25 को शेगांव में
आईजी पोकले ने किया सुरक्षा इंतजाम का अवलोकन

* 23 को काफिले की फुल ड्रेस रिहर्सल
शेगांव/ नागपुर/ दि.21- देश की राष्ट्रपति महामहिम द्रौपदी मुर्मू आगामी 25 फरवरी को संत नगरी शेगांव विशेष कार्यक्रम हेतु पधार रही है. वे नागपुर में भी कार्यक्रम की गरिमा बढायेगी. अत: अमरावती रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामनाथ पोकले ने गत 17 फरवरी को यहां शेगांव में राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था प्रबंधों का जायजा लिया. यहां सुरक्षा एवं नियोजन की व्यापक तैयारी की जा रही है.
आयजी पोकले ने दौरे से संबंधित विविध जगहों का निरीक्षण कर मातहत अधिकारियों को उचित निर्देश दिए. आयजी पोकले ने हैलीपैड, सर्किट हाउस, सभास्थल का बारीकी से अवलोकन किया. मार्ग के संवेदनशील ठिकानों की जानकारी ली और वहां भी सुरक्षा व्यवस्था ठीक रखने के निर्देश दिए.
इस समय पुलिस अधीक्षक नीलेश तांबे, अपर पुलिस अधीक्षक श्रेणीक लोढा, आयोजन समिति अध्यक्ष डॉ. आशुतोष गुप्ता, लोनिवि, स्वास्थ्य विभाग और अन्य विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति रही. प्रोटोकाल पालन के संदर्भ मेंं भी आयजी पोकले ने विस्तृत निर्देश दिए. महानिरीक्षक रामनाथ पोकले ने सुरक्षा यंत्रणा को सतर्कता बरतने के लिए कहा. किसी प्रकार की खामी न रहने पाए. सभी विभागों ने आपस में तालमेल बनाकर काम करने कहा. विशेष पुलिस महानिरीक्षक रामनाथ पोकले के दौरे से शेगांववासियों को भी राष्ट्रपति के संत नगरी में आने की बात कन्फर्म हो गई. वरिष्ठ नागरिक आखरी बार शेगांव आनेवाले राष्ट्रपति के विषय में चर्चा करते देखे गये. कदाचित पहली बार भारत के राष्ट्रपति संत नगरी आ रहे हैं. इसलिए सभी प्रकार की सावधानी बरती जा रही है. बता दें कि राष्ट्रपति के हस्ते गजानन महाराज अभियांत्रिकी महाविद्यालय में आयुष राष्ट्रीय स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन 25 फरवरी को होना है. इसके लिए सभी तैयारी जोरों पर चल रही है. इसी कडी में आयजी पोकले का शेगांव दौरा रहा. पोकले सीधे गृह मंत्रालय से संपर्क में रहे.





