हिंगोली का ‘पीला सोना’ अब देशभर में चमकेगा
महिला समूहों के उत्पादों को मिलेगी नई पहचान

हिंगोली /दि.21- महाराष्ट्र के हिंगोली जिले की प्रसिद्ध हल्दी को ‘पीला सोना’ के रूप में देशभर में पहचान दिलाने के लिए प्रशासन ने विशेष पहल शुरू की है. इस पहल के तहत महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा हल्दी से तैयार उत्पादों को अब राज्य और केंद्र स्तर के जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों को उपहार स्वरूप भेंट किया जाएगा.
हिंगोली के जिलाधिकारी राहुल गुप्ता के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य हिंगोली की हल्दी का ब्रांडिंग कर उसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है. जिले में राज्य की कुल हल्दी उत्पादन का करीब 40 प्रतिशत उत्पादन होता है, जिससे यह क्षेत्र हल्दी उत्पादन का प्रमुख केंद्र माना जाता है. इस अभियान के तहत हिंगोली के महिला समूहों ने हल्दी से कई प्रकार के मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार किए हैं, जिनमें हल्दी पाउडर, अचार, क्रीम, साबुन, तेल, इम्यूनिटी शॉट्स, सिंदूर और बीज शामिल हैं. इन सभी उत्पादों को आकर्षक पैकेजिंग के साथ गिफ्ट बॉक्स में तैयार किया गया है.
हिंगोली जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक गायकवाड और जिला ग्रामीण विकास यंत्रणा के परियोजना निदेशक नामदेव केंद्रे के मार्गदर्शन में यह योजना लागू की जा रही है. प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से हिंगोली का पीला सोना ब्रांड को देशभर में नई पहचान मिलेगी. इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और उनका आर्थिक सशक्तिकरण भी होगा. साथ ही हिंगोली की हल्दी की गुणवत्ता और विशेषता को व्यापक स्तर पर पहचान मिलने की संभावना है. इस अभियान में पूजा, शिवशक्ति, राजलक्ष्मी और दुर्गामाता महिला स्व-सहायता समूह सहित कई समूह सक्रिय रूप से सहभागी हैं.





