वाशिम जिले में ऐतिहासिक कार्रवाई
एक साथ 581 विद्यार्थी नकल करते पकडे, 50 अधिकारी भी नपेंगे

* जिलाधीश ने 21 कर्मचारियों पर कार्रवाई करने कहा
* अमरावती बोर्ड में बारहवीं की एग्जाम दौरान खलबली
* शिक्षाधिकारी का साहसी छापा और बडा एक्शन
* प्रतिष्ठित कॉलेज पर पकडा सामूहिक कॉपी प्रकरण
अमरावती/वाशिम/दि.17 – कक्षा 12 वीं के फिजिक्स के पेपर दौरान सोमवार को यहां टो की मैनागिरी महाविद्यालय में सामूहिक कॉपी का भयंकर मामला उजागर होने से समस्त शिक्षा जगत में खलबली मची है. 50 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की तलवार लटकी है. 581 छात्र-छात्राओं को सामूहिक रुप से कॉपी करते पकडे जाने का समाचार है. शिक्षाधिकारी (प्राथमिक) संजय ससाने के उडनदस्ते ने अचानक छापा मारकर कॉपी का मामला पकडा. खबर है कि, वाशिम के जिलाधिकारी कुंभेजकर ने अमरावती स्थित शिक्षा उपसंचालक को 21 कर्मचारियों पर कार्रवाई करने की सिफारिश कर दी है. इस प्रकरण के भंडाफोड से समस्त संभाग में खलबली मची है. बता दें कि, इस बार कॉपी मुक्त एग्जाम करवाने बोर्ड से अधिकार लेकर राजस्व विभाग खासकर जिलाधीश को जिम्मा दिया गया था.
* बोर्ड के इतिहास का सबसे बडा प्रकरण
जानकारी के अनुसार अमरावती बोर्ड के इतिहास का यह सबसे बडा कॉपी प्रकरण बताया जा रहा है. शिक्षा विभाग ने अचानक छापा मारकर कार्रवाई की है. विभाग ने अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी योगेश कुंभेजकर को भेज दी. कुंभेजकर ने 21 कर्मचारियों पर एक्शन लेने की सिफारिश शिक्षा उपसंचालक अमरावती को भेज दी है. इनमें पांच केंद्र संचालक, दो सहायक संचालक और 14 पर्यवेक्षक शामिल रहने की जानकारी अधिकृत सूत्रों ने दी.
* पहले दिन से वाशिम पर निगरानी
वाशिम जिले के परीक्षा केंद्रों पर राजस्व महकमें ने अंग्रेजी के पहले परचे के समय से ही निगाहें गडा रखी थी. इसके लिए पहले दिन एक केंद्र पर 17 विद्यार्थियों को सामूहिक कॉपी करते पकडा गया था. संभाग में सर्वाधिक 21 छात्र-छात्राएं वाशिम जिले से पकडे गये थे. इसके बाद उडनदस्ते और मुस्तैद हो गये.
* अध्यापक भी रडार पर
सूत्रों की माने तो बोर्ड की एग्जाम में नकल के लगातार बढते केसेस से विद्यार्थियों पर कार्रवाई हो रही है. अध्यापक और संस्था चालक भी रडार पर आने का दावा सूत्रों ने किया है. बता दें कि, इस बार परीक्षा को कॉपी मुक्त रखने परीक्षा केंद्रों पर जिलाधिकारी के नेतृत्व में निगरानी की जा रही है. उडनदस्ते सीधे संवेदनशील सेंटर्स पर रेड कर रहे है.
* 581 विद्यार्थियों के एकसमान उत्तर
सरकारी विज्ञप्ति में बताया गया कि, मैनागिरी महाराज कनिष्ठ महाविद्यालय के जुमडा फाटा स्थित केंद्र पर उडनदस्ते की अचानक जांच में 581 विद्यार्थियों की उत्तर पत्रिकाएं चेक की गई. सभी के उत्तर एकसमान पाये गये. सोमवार 16 फरवरी की दोपहर ठीक 12.30 बजे उडनदस्ते ने यहां छापा मारा था.
* पास-पास बैठे थे विद्यार्थी
उडनदस्ते ने यह भी देखा कि, केंद्र पर 584 छात्र-छात्राओं का पंजीयन है. वहां 581 विद्यार्थी उपस्थित थे. यह भी देखा गया कि, बैठने की व्यवस्था टीन-शेड में की गई. जगह के अभाव में विद्यार्थी पास-पास बैठे थे. वहां भरपूर लाइट (प्रकाश) व्यवस्था न थी. पंखे और सीसीटीवी का सर्विलांस भी कम देखा गया. बिजली आपूर्ति खंडित होने पर जनरेटर की सुविधा नहीं पायी गई. मुख्य कार्यकारी अधिकारी अर्पित चौहान ने भी परीक्षा केंद्र को भेंट दी थी.
* दो मोबाइल हैंडसेट जब्त
उडनदस्ते ने एक कर्मचारी मोबाइल हैंडसेट लेकर एग्जाम सेंटर में यहां-वहां घूमता पाया गया. मोबाइल हैंडसेट की जांच में उसने टालमटोल की. अंतत: उसे दो मोबाइल हैंडसेट जब्त किये गये. आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारी को सौंपे गये हैं. पथक ने केंद्र क्रमांक 906 पर सामूहिक कॉपी होने की रिपोर्ट दी है.
* दर्ज होगा दोषियों पर केस
संबंधित दोषी कर्मचारियों का निलंबन तो तय है ही. उन पर अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया शुरु रहने की जानकारी शिक्षा विभाग ने दी. उधर अमरावती के बोर्ड अध्यक्ष संदीप सांगवे ने कहा कि, वाशिम शिक्षाधिकारी से इस संबंध में रिपोर्ट मंगाई गई है. उस आधार पर केंद्र और संबंधितों पर कार्रवाई होगी. सांगवे ने अभी अधिक कुछ कहने से मना कर दिया.
* सबसे बडा कॉपी प्रकरण
जैसे-जैसे बोर्ड एग्जाम को कॉपी मुक्त करने का अभियान तेज किया गया, वैसे-वैसे बडे नकल के मामले उजागर हो रहे हैं. अमरावती संभाग के इतिहास में वाशिम का ताजा प्रकरण सबसे बडा मामला बताया जा रहा है. पहली बार 581 विद्यार्थियों को नकल करते पकडा गया है. बोर्ड सभी पर कडा एक्शन लेने जा रहा है, ऐसे संकेत अधिकारियों ने दिये.





