साफ सफाई के लिए कल महापालिका की ऐतिहासिक आमसभा
गट नेताओं ने कहा स्वच्छता गंभीर मुद्दा, कल की सभा में प्रभावी समाधान की आशा

* प्रशासक राज में बज गये थे साफ-सफाई के बारह
* ठेकेदारों की मनमानी में किया था बंटाढार
अमरावती/दि.27 – महापालिका में कल 28 फरवरी शनिवार को ऐतिहासिक आमसभा खास शहर की समस्त साफ-सफाई के मुद्दे पर होने जा रही है. इस सभा की ओर अमरावती के सामान्य नागरिक बडी आशा-अपेक्षा से देख रहे हैं. उन्हें ठोस और स्थायी स्वच्छता उपायों की उम्मीद है. अमरावती मंडल पहले ही जानकारों से हुई चर्चा के आधार पर इस संबंध में लिख चुका है कि, घंटों की चर्चा की बजाय सीधे स्वच्छता के मुद्दे पर लक्ष्य दिया जाये. उसमें कोई कर्तव्य कसूर करता है, तो उस पर कडी कार्रवाई होनी चाहिए. अमरावती मंडल ने आज विभिन्न दलों के गट नेताओं से बात की तो सभी ने एक स्वर में कहा कि, स्वच्छता का मुद्दा गंभीर है. पहली बार गंभीर विषय पर खास आमसभा होने जा रही है. ऐसे में कल की सभा को लेकर गट नेताओं के विचार प्रस्तुत है-

* चार वर्षों में सफाई का बंटाढार
पूर्व महापौर और नेता सदन चेतन गावंडे ने कहा कि, गत चार वर्षों में साफ-सफाई का बंटाढार हो रखा है. जिससे नागरिकों और नगरसेवकों में जबर्दस्त रोष है. ऐसे में मनपा द्वारा आमसभा आहूत करना अच्छा संकेत है. साई काम का ठेका अभी भी अनेक झोन में पूरी तरह शुरु नहीं हुआ है. इसलिए सभी बातों पर आरंभ में ही साधक, बाधक चर्चा से प्रशासन और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिये जा सकते है. उसके अनुसार प्रशासन आगे कामकाज का तालमेल रखकर शहर को साफ-सुथरा रखेगा, इस प्रकार की उमीदें कल की सभा को लेकर बंधी है. समय पर चर्चा क्या रुप लेती है, इस पर भी सोचना होगा.

* बहुत ज्यादा तकलीफ
नेताप्रतिपक्ष और पूर्व महापौर विलास इंगोले ने कहा कि, 8 मार्च 2022 के बाद प्रशासक राज में साफ-सफाई का अभाव रहा. बहुत ज्यादा तकलीफ नागरिकों और सभी को हो रही थी. पहले सफाई ठेके प्रभाग निहाय थे. इन्हें कालांतर में झोन निहाय किया गया. पहले सफाई कर्मियों की संख्या की शर्त न थी. फिर प्रभाग निहाय 50 सफाई कर्मी की शर्त रखी गई. इसके बावजूद कामकाज बराबर नहीं होने से नया टेंडर निकाला गया. कोणार्क को काम दिया गया है. एक ही एजेंसी को काम दिये जाने से अब बेहतर काम की उम्मीद है. हमारा उद्देश्य तो अमरावती साफ-सुथरा चकाचक और सफाई ठेकों में पारदर्शिता का है. कल आमसभा में आक्रमक अंदाज में सफाई को लेकर अमरावतीवासियों की आवाज बुलंद करेंगे.

* प्रशासनिक लापरवाही पर सघन चर्चा
युवा स्वाभिमान के गट नेता ज्ञानेश्वर उर्फ नाना आमले ने कहा कि, स्वच्छता के मुद्दे पर महापालिका की आमसभा होना अच्छी बात है. निश्चित ही साफ-सफाई को लेकर समस्त शहर में बेहद लापरवाही हुई है. प्रशासनिक लापरवाही पर कल की सभा में गहन चर्चा होने की उम्मीद है. समाधानकारक मार्ग निकलने की भी आशा है. जनता की आवाज हम उठाएंगे. प्रशासन को भी ठेकेदार, सफाई कर्मियों से तालमेल रखकर ऐसा काम करना होगा कि, शहर साफ-सुथरा हो, गली-गली स्वच्छ हो, आखिर स्वच्छता से ही बीमारियों पर अंकुश रखा जा सकता है.

* ठेकेदारों की मनमानी नही ंचलेगी
एमआईएम के गट नेता अब्दूल हमीद ने दो टूक कहा कि, सफाई के गंभीर मसले पर महापालिका की आमसभा आहूत की गई है. यह अच्छी बात है. गंदगी के कारण बीमारियों में इजाफा होता है. गरीब आदमी अधिक परेशान होता है. इसलिए जनप्रतिनिधि के रुप में मनपा सदन में आवाज उठाएंगे. उसी प्रकार प्रभागों में ठेकेदारों की प्रशासक राज में खूब मनमानी चली. अब ऐसा नहीं चलेगा. गंदगी का अंबार दूर करना होगा. पब्लिक ने चुनकर दिया है, तो कम से कम साफ-सफाई के मुद्दे पर तो राजनीति न हो और काम अधिक हो, यही अपेक्षा है. एमआईएम इस मसले पर आक्रमक रुख अपना सकती है.

* प्रशासन से करवाएंगे पूरे काम
शिवसेना-बसपा गट नेता डॉ. राजेंद्र तायडे ने कहा कि, प्रशासक काल में सफाई काम में बडी खामिया रही. उन्हें दूर करने की कोशिश होगी. प्रशासन से जनता के हित में पूरे काम करवाएंगे. साफ सफाई सभी के लिए गंभीर मसला है. स्वच्छता हर कोई चाहता है. जनता का सहयोग लेकर प्रशासन से काम करवाना होगा. अब मनपा में जनप्रतिनिधि आ गये हैं. प्रशासन से खामिया दूर कर सभी प्रभागों को साफ-सुथरा चकाचक करवाएंगे. स्वच्छता रहेगी, तो ठीक रहेगा.

* सफाई बडा मुद्दा, सभा में चर्चा होगी
राकांपा अजीत पवार गट नेता अविनाश मार्डीकर ने कहा कि, स्वच्छता के मुद्दे पर आमसभा बुलाना अपने आप में अच्छी पहल है. सभी गटनेताओं ने महापौर और उपमहापौर से अनुरोध कर शहर की ज्वलंत समस्या अर्थात साफ-सफाई पर बैठक बुलाई है. नये ठेकेदार नियुक्त किये गये हैं. जनता के सहकार्य से एवं प्रशासन के तालमेल से सफाई के काम समस्त शहर में प्रभावी ढंग से करवाने पर जोर रहेगा. कल की सभा में पार्टी और अपने क्षेत्र का पक्ष प्रभावी, आक्रमक अंदाज में रखेंगे.





