28 को शहर में ऐतिहासिक विशेष कीर्तन समागम

गुरुद्वारा श्री गुरुसिंह सभा व बाबा दीपसिंहजी फोरम का आयोजन

अमरावती /दि.26 – शनिवार 28 फरवरी को रात 8.30 बजे से शहर में एक अत्यंत भव्य, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक विशेष कीर्तन समागम का आयोजन किया जा रहा है. यह आयोजन गुरुद्वारा श्री गुरुसिंह सभा एवं बाबा दीपसिंह जी फोरम के संयुक्त तत्वावधान में गुरुद्वारा गुरुसिंह सभा, बूटी प्लॉट राजापेठ में संपन्न होगा.
इस पावन अवसर पर विश्वविख्यात महान कीर्तनकार भाई जगजीतसिंह जी बबीहा (दिल्ली वाले) अपनी मधुर एवं भावपूर्ण वाणी से गुरुबाणी की अमृतमयी वर्षा करेंगे. उनके कीर्तन में भक्ति, भाव, गुरुमत मर्यादा एवं आध्यात्मिक गहराई का अद्भुत संगम देखने को मिलता है. संगत को शब्द-कीर्तन, नाम-सिमरन एवं गुरमत विचारों के माध्यम से गुरु साई की शिक्षाओं से जोडने का अनुपम प्रयास किया जाएगा.
आयोजकों ने जानकारी देते हुए बताया कि, भाई साहिब की कीर्तनशैली श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति प्रदान करती है और उन्हें सेवा, सिमरन एवं सदाचार का मार्ग अपनाने की प्रेरणा देती है. उनके कीर्तन से संगत भाव-विभोर होकर गुरु साहिब की शिक्षाओं के अनुरुप जीवन जीने का संकल्प लेती है. इस विशेष कीर्तन समागम में अमरावती सहित नागपुर, अकोला, वाशिम एवं विदर्भ के विभिन्न जिलों से बडी संख्या में श्रद्धालुओं की संगत के शामिल होने की संभावना है.
आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने, पार्किग, सुरक्षा एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्थाएं की जा रही है. जिससे सभी संगत शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में गुरुबाणी का श्रवण कर सके. समापन के पश्चात गुरु का अटूट लंगर प्रेम पूर्वक वरताया जाएगा. जिसमें सभी श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे. यह आयोजन न केवल एक धार्मिक कार्यक्रम है, बल्कि मानवता, भाई चारे और आध्यात्मिक जागृति का संदेश देने वाला एक अनुपम अवसर भी है. आयोजकों ने समस्त साध-संगत से विनम्र निवेदन किया है कि, वे परिवार सहित समय पर पहुंचकर इस दुर्लभ एवं पावन कीर्तन समागम का अधिक से अधिक लाभ उठाये और गुरुकृपा के भागी बने.

Back to top button