आरमोरी में हनी ट्रैप

ब्लैकमेलिंग और युवक को जहर देने का प्रयास

* युवती सहित दो लोगों पर मामला दर्ज
गडचिरोली/ दि.4 – प्रेम के जाल में फंसाकर एक युवक को हनी ट्रैप के जाल में फंसाया गया, उसके बाद ब्लैकमेल कर पैसे वसूले गए. चार लाख देने के बाद भी लालच खत्म नहीं हुआ, 15 लाख के लिए उसे सीधे जहर पिलाकर खत्म करने की कोशिश की गई. किसी फिल्म जैसी यह थरारक घटना आरमोरी में 3 अप्रैल को सामने आई। इस मामले में युवती सहित उसके दो साथियों के खिलाफ आरमोरी थाने में जबरन वसूली और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस की जानकारी के अनुसार, आरमोरी के एक 26 वर्षीय युवक का एक 23 वर्षीय युवती के साथ संबंध था. लेकिन उसके जीवन में नए प्रेमी के आने से उनके बीच विवाद होने लगा. इसी मौके का फायदा उठाते हुए दो युवकों ने बीच-बचाव का नाटक किया. तुम्हारी चैटिंग हमारे पास है, उसे वायरल कर तुम्हारे परिवार को बर्बाद कर देंगे, ऐसी धमकी देकर इस तिकड़ी ने युवक को ब्लैकमेल करना शुरू किया. बदनामी के डर से युवक ने समय-समय पर उन्हें लगभग 3 से 4 लाख रुपये दिए.
*15 लाख की मांग, मारपीट कर पिलाया जहर
आरोपियों का लालच यहीं नहीं रुका. उन्होंने पीड़ित युवक से सीधे 15 लाख रुपये की मांग की. पैसे नहीं देने पर तू मर जा, नहीं तो हम तुझे मार देंगे, ऐसी धमकी भी दी. 13 मार्च 2026 को युवक ब्रह्मपुरी रोड से जा रहा था, तभी आरोपियों ने उसे रास्ते में रोका. वहां उसकी बुरी तरह पिटाई की गई और जबरन उसके मुंह में खेती में इस्तेमाल होने वाला कीटनाशक डाल दिया गया. युवक बेहोश होने पर आरोपी वहां से फरार हो गए.                                                                                                                                               * नागपुर में मौत से जंग और चौंकाने वाला खुलासा
जहर पीने के कारण युवक की हालत गंभीर हो गई थी. उसे तुरंत नागपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया. कई दिनों तक बेहोश रहने के बाद 3 अप्रैल को होश में आने पर उसने अपनी आपबीती बताई, जिससे पुलिस भी हैरान रह गई. खास बात यह कि युवक को जहर देने के बाद उसके मोबाइल से उसके पिता को बाबा, मुझे माफ करना ऐसा संदेश भेजा गया और जहर की बोतल की फोटो श्रेया हेमके के मोबाइल पर भेजी गई थी, जिससे यह दिखाने की कोशिश की गई कि युवक ने खुद जहर लिया है.
* इन पर मामला दर्ज
शिकायत के अनुसार आरमोरी पुलिस ने श्रेया हेमके, नितीन जोध, राजू अंबानी (सभी निवासी आरमोरी) के खिलाफ मामला दर्ज किया है. इस गिरोह ने और कितने युवकों को इस तरह फंसाया है, इसकी जांच अब पुलिस कर रही है. आरोपियों की तलाश जारी है, ऐसा पुलिस निरीक्षक कैलास गवते ने बताया.

Back to top button