संत नगरी शेगांव की सूरत बदलने की आशा जागी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 25 फरवरी को शेगांव में

* प्रमुख मार्गो की मरम्मत, साफ – सफाई भी अपेक्षित
शेगांव/ दि. 12 – आयुष मंत्रालय की ओर से आगामी 25 फरवरी को आयोजित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मेला कार्यक्रम हेतु देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यहां संत नगरी में आगमन होना है. अत: शेगांव नगरी की जर्जर सूरत बदले जाने की आशा शेगांववासियों को जागी है. उनकी अपेक्षा है कि प्रमुख मार्गो की मरम्मत के साथ साफ सफाई भी इस निमित्त हो जायेगी. कार्यक्रम स्थानीय श्री संत गजानन महाराज अभियांत्रिकी महाविद्यालय में होनेवाला है. ऐसे में राष्ट्रपति के आगमन से पहले संत नगरी का मनमोहक एवं सुंदर रूप उनका ध्यान आकर्षित कर पाए, ऐसे काम की अपेक्षा शेगांववासी व्यक्त कर रहे हैं. उनका कहना है कि राज्य शासन को तत्काल अतिरिक्त फंड उपलब्ध करवाना चाहिए. ताकि सडकों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण युध्दस्तर पर पूर्ण किया जा सके. 25 फरवरी को अब पखवाडे भर से कम समय रह गया है.
शेगांव शहर में प्रमुख मार्गो, डिवाइडर, स्ट्रीटलाइट, ड्रैनेज सिस्टम और अन्य विकास कार्यो को दशक भर पहले तीर्थक्षेत्र विकास प्रारूप अंतर्गत किया गया था. उसका समय हो जाने और रखरखाव ठीक से न होने की वजह से काफी चीजें टूट-फूट गई है. सडक की हालत भी खस्ता है. शेगांव शहर को महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश राष्ट्रीय महामार्ग से जोडा गया. शेगांव- बालापुर मार्ग का अब तक पुन: निर्माण नहीं हुआ है. समाचार पत्रों द्बारा अटके पडे विकास कार्यो के लिए आवाज उठाई गई थी. किंतु प्रशासन के कान पर जूं तक नहीं रेंगी.
ऐसे में नगर परिषद की ओर से अपनी सीमा अंतर्गत प्रमुख मार्गो की मरम्मत नहीं की गई है. डिवायडर टूटे हुए है. गजानन महाराज मंदिर की ओर जानेवाले सभी मार्ग की अनदेखी की गई है. बिजली के खंभों पर बिजली नदारद रहती है. रोपे गये पेड पौधे मुरझाने लगे है. चौराहों का सौंदर्यीकरण टें बोल गया है. समस्याओं को सुलझाने की अपेक्षा शेगांव के लोग व्यक्त कर रहे हैंं. उनका मानना है कि देश की राष्ट्रपति के आगमन से संत नगरी के वर्षो से लटके पडे विकास कार्य साकार होंगे. तद हेतु राज्य शासन से फौरन फंड की दरकार है.

Back to top button