मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 3 की मौत, कई घायल

तेज रफ्तार कंटेनर पलटकर इनोवा पर गिरा

मुंबई /दि.18- मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर खोपोली के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 9:40 बजे मुंबई लेन पर हुआ. एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और पहले कई वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ा, जिसके बाद वह पलटकर एक इनोवा कार पर जा गिरा. इस हादसे में इनोवा में सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि इस दुर्घटना में कुल पांच वाहन प्रभावित हुए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया. सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस, खोपोली पुलिस, आईआरबी पेट्रोलिंग टीम, ‘देवदूत’ आपात सेवा और अन्य बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया गया. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में कंटेनर के अनियंत्रित होने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा.

Back to top button