राजूरा-वरुड रेलवे क्रोसिंग पर भीषण सडक हादसा
ऑटो व ई-बस की जबरदस्त भिडंत, ऑटो में सवार 4 की मौके पर मौत, 3 गंभीर घायल, नागपुर रेफर

* मृतकों में एक शालेय छात्रा का भी समावेश, सभी मृतकों के शव हुए बुरी तरह क्षतिग्रस्त
* दुर्घटना स्थल पर हर ओर खून और मांस के लोथडे बिखरे, हादसे में ऑटो पूरी तरह से चकनाचूर
* दुर्घटना की जानकारी मिलते ही वरुड पुलिस पहुंची मौके पर, राहत एवं बचाव कार्य जारी
अमरावती/वरुड /दि.18- वरुड तहसील अंतर्गत राजूरा-वरुड रेलवे क्रॉसिंग पर आज बुधवार 18 फरवरी की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो और ई-बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. जिसके चलते ऑटो में सवार 7 में से 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, मृतकों में कक्षा 7 वीं की छात्रा रहनेवाली 12 वर्षीय बच्ची का भी समावेश है. वे अपने घर से स्कूल जाने हेतु निकली थी. वहीं इस हादसे में ऑटो में सवार तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन्हें तुरंत ही नागपुर रेफर किया गया है. जहां पर उनकी स्थिति गंभीर एवं चिंताजनक बताई जा रही है. इसके अलावा दुर्घटना का शिकार हुई रापनि की शिवाई ई-बस में सवार किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है.
यह हादसा राजूरा-वरुड रेलवे क्रॉसिंग पर उस समय हुआ, जब ऑटो और राज्य परिवहन की ई-बस आमने-सामने टकरा गए. प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य परिवहन निगम की शिवाई ई-बस (क्रमांक एमएच-49/बीझेड-9436) वरुड से वर्धा की ओर जा रही थी. वहीं वाडेगांव निवासी ऑटो चालक कैलास नागदेवे अपने ऑटो में सवारियां लेकर वरुड की ओर जा रहे थे. रेलवे क्रॉसिंग के समीप दोनों वाहन आमने-सामने आ गए और जोरदार भिड़ंत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार तेज थी और क्रॉसिंग के पास चालक का नियंत्रण छूट गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह चकनाचूर हो गया. घटनास्थल पर चारों ओर खून बिखरा पड़ा था. हादसे में ऑटो सवार सात लोगों में से चार की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों के नाम माही प्रवीण मांगूलकर (13, वाडेगांव), ऑटो चालक कैलास घनश्याम नागदेवे (42, वाडेगांव), हरिभाऊ दौलत शिंदे (83, वघाल), चिंतामन सदाशिवराव नागदेवे (60, वाडेगांव) बताए गए है. वहीं इस हादसे में गंभीर रुप से घायल लोगों के नाम प्रतिभा लाड (वडाला), मोहिनी वनदेव भोरे (18, राजुरा बाजार) व राजकुमार भलावी (55, गव्हाणकुंड) पता चले है. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर के अस्पताल में रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. बस में सवार यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई है.
हादसे की भयावहता का अंदाजा केवल इस बात से ही लगाया जा सकता है कि, घटनास्थल पर चारों ओर इंसानी खून और मांस के लोथडे बिखरे हुए थे तथा ऑटो में सवार 7 में से 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी. इसके अलावा जिन 3 लोगों की सांसे चल रही थी, उन्हें आसपास के लोगों ने तुरंत ही एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल के लिए रवाना किया और घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत ही नागपुर के मेडिकल अस्पताल में रेफर किया गया. वहीं इस दौरान सूचना मिलते ही वरुड पुलिस का दल भी मौके पर पहुंच चुका था. जिसने तुरंत ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. साथ ही शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा किया जा रहा है. हादसे के कारणों की जांच जारी है. यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि, इस परिसर में करीब तीन वर्ष के अंतराल पश्चात इतना भयानक सडक हादसा घटित हुआ है.
घटना की सूचना मिलते ही वरुड पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा किया गया है. पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा बस चालक की लापरवाही से हुआ या ऑटो चालक का नियंत्रण छूटा. साथ ही ऑटो में क्षमता से अधिक सवारियां थीं या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है. यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि, इस परिसर में करीब तीन वर्ष के अंतराल पश्चात इतना भयानक सडक हादसा घटित हुआ है.
* वाडेगांव में छाई शोक की लहर
आज सुबह भीषण सडक हादसे का शिकार हुए ऑटो में सवार सभी सातों लोग वाडेगांव के ही रहनेवाले थे. जिनमें से कक्षा 7 वीं की छात्रा रहनेवाली माही प्रवीण भागुलकर सहित कुल 4 लोगों की इस भीषण हादसे में मौके पर ही मौत हो गई. वहीं 3 अन्य लोग बुरी तरह से घायल हुए. हादसे की सूचना मिलते ही वाडेगांव वासी तुरंत ही दौडते-भागते घटनास्थल पर पहुंचे. जहां का नजारा देखकर हर कोई लगभग बदहवास हो गया था. इस समय भागुलकर परिवार सहित अन्य संबंधित परिजनों द्वारा जमकर शोक विलाप किया गया. जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो गई थी.