तू मुझे काफी पसंद है, मेरे से बातचीत नहीं की तो कर लूंगा आत्महत्या

मनचले युवक की महाविद्यालयीन छात्रा के साथ जबरदस्ती

* पीडिता छात्रा की शिकायत पर मामला दर्ज
* गाडगे नगर थाना क्षेत्र की घटना
अमरावती/दि.10 – तू मुझे काफी पसंद है, मेरे से बातचीत नहीं की तो आत्महत्या कर लूंगा, ऐसी धमकी देने से भयभीत हुई 18 वर्षीय महाविद्यालयीन छात्रा ने पुलिस के पास पहुंचकर शिकायत दर्ज की. शिकायत के आधार पर पुलिस ने धामणगांव रेल्वे के इस मनचले युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोपी युवक का नाम आयुष खंडारे (21) है. यह घटना गाडगे नगर थाना क्षेत्र के विद्याभारती कॉलेज के पास घटित हुई.
जानकारी के मुताबिक पीडित छात्रा 1 जनवरी 2024 को विद्याभारती कॉलेज के गेट के पास खडी थी, तब आयुष खंडारे वहां पहुंचा और उसने छात्रा से कहा कि, वह उसे काफी पसंद करता है. तब पीडित छात्रा ने कहा कि, वह उसे नहीं पहचानती. लेकिन आयुष ने उसे कहा कि, यदि उसने बातचीत नहीं की तो वह आत्महत्या कर लेगा. उसने जबरदस्ती छात्रा से मोबाइल नंबर भी मांगा. पीडित छात्रा ने भयभीत होकर अपना मोबाइल नंबर उसे दे दिया. तबसे वह लगातार छात्रा को परेशान कर रहा था. आयुष शादी के लिए भी दबाव डालने लगा था, तब पीडित छात्रा ने उसका नंबर ब्लैकलिस्ट में डाल दिया. इस कारण आयुष कॉलेज के पास लगातार चक्कर काटने लगा था. मनचले युवक की हरकतें बढने से परेशान होकर पीडित छात्रा ने इस बात की जानकारी परिवार के सदस्यों को दी. पश्चात गाडगे नगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज की. शिकायत के आधार पर आरोपी आयुष खंडारे के खिलाफ पुलिस ने बीएनएस की धारा 78 (2), 351 (2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.

Back to top button