आज दिखा चांद तो कल पहला रोजा
रमजान की आमद से मुस्लिम समुदाय खुश

* आज हो सकती पहली तरावीह की नमाज
अमरावती/दि.18-इस्लाम धर्म का पवित्र महीना रमजान कल से शुरू होने की उम्मीद है. चांद दिखने के आधार पर इस बार पहला रोजा जुमेरात (गुरुवार) को रखा जा सकता है. जानकारी के मुताबिक यदि आज चांद नजर आता है तो कल 19 फरवरी (जुमेरात) को पहला रोजा होगा. अंतिम फैसला चांद रात के ऐलान के बाद ही होगा.
* रमजान का महत्व
इस्लामी मान्यता के अनुसार इसी पाक महीने काफी अहमियत होती है. रमजान का महीना मुस्लिम समुदाय के लिए इबादत, सब्र और रहमत का महीना माना जाता है. रोजेदार सुबह सहरी करते हैं और दिनभर रोजा रखकर शाम को इफ्तार करते हैं. पूरे दिन पानी तक नहीं पिया जाता. इस महीने में नमाज, तरावीह और कुरान की तिलावत का खास महत्व होता है.
* तैयारियां जोरों पर
शहर में रमजान को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. मस्जिदों में साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था की जा रही है. बाजारों में खजूर, सूखे मेवे, सेवइयां और इफ्तार की सामग्री की खरीदारी बढ़ गई है. मुस्लिम समाज में खासा उत्साह देखा जा रहा है और लोग इस पवित्र महीने के इस्तकबाल की तैयारियों में जुट गए हैं.





